Samachar Nama
×

पीएम मोदी के 25 साल के जश्न पर कांग्रेस का तंज, अमर सिंह बोले- जनता के मुद्दों पर भी हो चर्चा

पीएम मोदी के 25 साल के जश्न पर कांग्रेस का तंज, अमर सिंह बोले- जनता के मुद्दों पर भी हो चर्चा
पीएम मोदी के 25 साल के जश्न पर कांग्रेस का तंज, अमर सिंह बोले- जनता के मुद्दों पर भी हो चर्चा

नई दिल्ली, 9 सितंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रमों को लेकर कांग्रेस सांसद अमर सिंह ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी अपने कार्यकाल का जश्न अपने तरीके से मना सकते हैं, लेकिन सरकार को संसद और सार्वजनिक मंचों पर जनता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा करनी चाहिए। उन्होंने छात्रों के मुद्दे, जीडीपी के आंकड़ों, पंजाब में नशे की समस्या और खान-पान को लेकर चल रही बहस पर भी अपनी राय रखी।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के कार्यकाल से जुड़े कार्यक्रमों पर अमर सिंह ने कहा कि यह भाजपा और प्रधानमंत्री का अपना कार्यक्रम है और उन्हें इससे कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन, प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा नेतृत्व जनता के मुद्दों पर भी चर्चा करे। पिछले 12-13 वर्षों में संसद में कई महत्वपूर्ण जन मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हुई। उन्होंने छात्र आंदोलन और छात्रों की कथित प्रोफाइलिंग का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

जीडीपी के आंकड़ों को लेकर सवाल उठाते हुए अमर सिंह ने कहा कि आर्थिक आंकड़ों में बदलाव करके विकास दर को अधिक दिखाने की कोशिश की जाती है। उन्होंने सरकार से जीडीपी के आंकड़ों में बदलाव और उनकी गणना की प्रक्रिया को लेकर स्पष्टता की मांग की।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के कार्यकाल को लेकर दिए गए बयान पर अमर सिंह ने कहा कि भाजपा नेतृत्व अंततः धर्म और समाज के विभाजन की राजनीति की ओर लौटता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस की विचारधारा से निकली भाजपा हिंदू और अल्पसंख्यक समुदायों के बीच विभाजन पैदा करने और जाति के आधार पर समाज को बांटने की राजनीति करती है। कांग्रेस के अनुसार भाजपा को जनता के वास्तविक मुद्दों पर बात करनी चाहिए।

पंजाब में ड्रग्स के मुद्दे पर राहुल गांधी की सोशल मीडिया पोस्ट का समर्थन करते हुए अमर सिंह ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर सख्ती की गई। उन्होंने पंजाब सरकार पर कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों की समस्याओं को दबाने का आरोप लगाया और दावा किया कि जनता आगामी चुनाव का इंतजार कर रही है। अमर सिंह ने कहा कि लोग आम आदमी पार्टी की सरकार को हटाकर कांग्रेस को सत्ता में लाना चाहते हैं।

पश्चिम बंगाल में नवरात्रि के दौरान मांसाहार को लेकर बाबा बागेश्वर की टिप्पणी और कांग्रेस की शिकायत पर अमर सिंह ने कहा कि किसी व्यक्ति को यह तय करने का अधिकार नहीं होना चाहिए कि दूसरा व्यक्ति क्या खाए या पहने। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस और उससे जुड़े राजनीतिक विचारों में लोगों के खान-पान, पहनावे, धार्मिक आस्था और जीवनशैली को नियंत्रित करने की कोशिश दिखाई देती है। भारत समेत दुनिया तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि धार्मिक और व्यक्तिगत पसंद के मामलों में नियंत्रण की राजनीति समाज को पीछे ले जाने वाली सोच है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नागरिकों की व्यक्तिगत स्वतंत्रता और पसंद का सम्मान होना चाहिए तथा राजनीतिक दलों को रोजगार, शिक्षा, अर्थव्यवस्था और जनकल्याण जैसे वास्तविक मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

--आईएएनएस

पीएसके

Share this story