पीएम मोदी के 12 साल का कार्यकाल भारत के विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा का नया अध्याय: भूपेंद्र पटेल
गांधीनगर, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री पद पर नरेंद्र मोदी के लगातार 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने उनके नेतृत्व को भारत के विकास, सुशासन और वैश्विक प्रतिष्ठा का नया अध्याय बताया है। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल भारत और भारतीयों का गौरव बढ़ाने वाला रहा है और उनके नेतृत्व में देश ने राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे निर्णायक कदम उठाकर दुनिया को अपनी क्षमता का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इन कार्रवाइयों ने प्रत्येक भारतीय के आत्मविश्वास को मजबूत किया और देश की सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
भूपेंद्र पटेल ने प्रधानमंत्री के 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' के मंत्र को राष्ट्रीय संकल्प बताते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग के उत्थान के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं लागू की गईं। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयासों ने देश में 'ईज ऑफ लिविंग' की अवधारणा को वास्तविक रूप दिया है। साथ ही, करोड़ों लोगों को गरीबी से निकालना इस दौर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल है।
भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में भारत आज दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ जैसे अभियानों ने देश को वैश्विक आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
गुजरात का उल्लेख करते हुए भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की जन्मभूमि और कर्मभूमि होने के कारण राज्य को उनके दूरदर्शी नेतृत्व का विशेष लाभ मिला है। नर्मदा परियोजना, सौनी योजना, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, गिफ्ट सिटी, धोलेरा विशेष निवेश क्षेत्र, सेमीकंडक्टर परियोजनाओं और अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में हुए विकास को उन्होंने मोदी के विजन का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में गुजरात ने ‘विकास भी, विरासत भी’ के मंत्र को सफलतापूर्वक अपनाया है। द्वारका, सोमनाथ, अंबाजी कॉरिडोर, लोथल मैरीटाइम हेरिटेज म्यूजियम और वडनगर जैसे परियोजनाओं ने राज्य की सांस्कृतिक पहचान को नई मजबूती दी है।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि ‘विकसित भारत 2047’ और ‘विकसित गुजरात’ के लक्ष्यों को प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक हासिल किया जाएगा। उन्होंने सभी गुजरातवासियों की ओर से प्रधानमंत्री को 12 वर्षों के सफल, निरंतर और जनकल्याणकारी शासन के लिए शुभकामनाएं दीं।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

