पीएम मोदी के 11 वर्षों के शासनकाल में देश की प्रतिष्ठा और विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचा: नरेंद्र कश्यप
शाहजहांपुर, 23 मई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप शनिवार को शाहजहांपुर पहुंचे, जहां उन्होंने जनपद के विकास कार्यों एवं कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जनहित से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, आम जनता को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा शासन की प्राथमिकताओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा किया जाए, ताकि जनता को अधिकतम लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। उन्होंने विकास परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रदेश के हर जिले में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ें और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कानून व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से रिपोर्ट ली और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के शासनकाल में देश की प्रतिष्ठा और विकास नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और देश वैश्विक अर्थव्यवस्था में 11वें स्थान से चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
मंत्री ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल और सामाजिक कार्यकर्ता समय-समय पर सरकार और पार्टी के खिलाफ अफवाहें फैलाने का प्रयास करते रहते हैं, लेकिन जनता अब इन बातों को अच्छी तरह समझ चुकी है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोप केवल अस्थायी राजनीतिक रणनीति का हिस्सा हैं और इससे सरकार की छवि पर कोई असर नहीं पड़ने वाला।
पश्चिम बंगाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झालमुड़ी खिलाने वाले दुकानदार को कथित तौर पर जान से मारने की धमकी मिलने के मामले पर भी मंत्री नरेंद्र कुमार कश्यप ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि भारत और पश्चिम बंगाल इतने कमजोर नहीं हैं कि प्रधानमंत्री को झालमुड़ी खिलाने वाले किसी दुकानदार के खिलाफ हत्या जैसी साजिश हो सके। उन्होंने कहा कि देश मजबूत और सशक्त है तथा किसी भी दुकानदार या आम नागरिक को डरने की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत लगातार आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत हो रहा है। विपक्ष के कुछ नेता प्रधानमंत्री को बदनाम करने के लिए झूठ फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जनता सच्चाई जानती है और ऐसे प्रयासों से कोई फर्क पड़ने वाला नहीं है।
--आईएएनएस
एसएके/डीकेपी

