Samachar Nama
×

पीएम मोदी का विजन किसी एक राज्य नहीं, बल्कि पूरे देश के समग्र विकास पर केंद्रित : एटेला राजेंद्र

पीएम मोदी का विजन किसी एक राज्य नहीं, बल्कि पूरे देश के समग्र विकास पर केंद्रित : एटेला राजेंद्र
पीएम मोदी का विजन किसी एक राज्य नहीं, बल्कि पूरे देश के समग्र विकास पर केंद्रित : एटेला राजेंद्र

हैदराबाद, 6 जुलाई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद एटेला राजेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन, युवाओं के लिए केंद्र सरकार की नीतियों और आगामी मानसून सत्र को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश के समग्र विकास पर केंद्रित है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर कांग्रेस के आरोपों को भी खारिज किया।

एटेला राजेंद्र ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन केवल तेलंगाना, गुजरात या किसी एक प्रदेश के विकास तक सीमित नहीं है। प्रधानमंत्री पूरे देश को ध्यान में रखकर योजनाएं बनाते हैं और उनका उद्देश्य भारत को वैश्विक स्तर पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है।"

उन्होंने कहा, "वर्ष 2024-25 के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने देश की युवा शक्ति और विद्यार्थियों की क्षमता को केंद्र में रखकर कई योजनाओं की परिकल्पना की। यदि युवाओं को अनुसंधान (रिसर्च), नवाचार और उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के पर्याप्त अवसर नहीं मिलेंगे तो देश तेज गति से आगे नहीं बढ़ पाएगा। इसी सोच के तहत केंद्र सरकार युवाओं को नई तकनीक, शोध और कौशल विकास से जोड़ने पर विशेष ध्यान दे रही है।"

भाजपा सांसद ने कहा, "देश में स्टार्टअप संस्कृति को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। रिसर्च एवं इनोवेशन के लिए पहले की तुलना में अधिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जो युवा नए विचारों के साथ काम करना चाहते हैं, उन्हें वित्तीय सहायता और आवश्यक सहयोग देने का भी प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में सरकार युवाओं को और अधिक अवसर उपलब्ध कराएगी, ताकि वे देश के आर्थिक और तकनीकी विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।"

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर कांग्रेस द्वारा देश को बांटने के आरोपों के सवाल पर एटेला राजेंद्र ने कहा, "स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक संघ के योगदान से पूरा देश परिचित है। आरएसएस अपने सिद्धांतों और राष्ट्रहित की विचारधारा के आधार पर कार्य करता है। संघ का उद्देश्य समाज में एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र की अखंडता को मजबूत करना है। संघ ने हमेशा देश को संगठित और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया है।"

--आईएएनएस

एससीएच/वीसी

Share this story

Tags