पीएम मोदी का विदेश दौरा सफल, राहुल गांधी का बयान देश का अपमान: प्रतुल शाह देव
रांची, 21 मई (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाह देव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया विदेश दौरे को बेहद सफल बताते हुए भारत की वैश्विक कूटनीति और सामरिक मजबूती की सराहना की। साथ ही, उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला और सीमा सुरक्षा को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के फैसले का स्वागत किया।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रतुल शाह देव ने कहा कि यह दौरा व्यापार, रक्षा और सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण रहा। इटली ने भारत को अपने प्रमुख रणनीतिक साझेदार के रूप में अपग्रेड किया है, जबकि स्कैंडिनेवियाई देशों के साथ रिन्यूएबल एनर्जी और डिफेंस सेक्टर में समझौते हुए हैं। प्रधानमंत्री कैबिनेट बैठक में देश को हासिल उपलब्धियों की जानकारी दे सकते हैं। कैबिनेट फेरबदल की चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री का विशेषाधिकार है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा।
पीएम मोदी को लेकर राहुल गांधी के विवादित बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल गांधी लगातार राजनीतिक मर्यादा से नीचे गिरते जा रहे हैं। राहुल गांधी प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह के लिए विवादित शब्दों का इस्तेमाल कर देश का अपमान कर रहे हैं। मुझे लगता कि राहुल गांधी ये सब पाकिस्तान के सरकार के कहने पर बोलते हैं। पाकिस्तान अक्सर अपने दस्तावेजों और बयानों में राहुल गांधी की टिप्पणियों का जिक्र करता रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या आतंकवाद, नक्सलवाद और बम धमाकों पर नियंत्रण पाना गद्दारी है? उन्होंने कहा कि देश की जनता ऐसे बयानों के लिए राहुल गांधी को माफ नहीं करेगी।
भारत की वैश्विक कूटनीति की तारीफ करते हुए प्रतुल शाह देव ने कहा कि पाकिस्तान में वर्षों से अल्पसंख्यकों और विभिन्न समुदायों के खिलाफ अत्याचार होते रहे हैं, जबकि भारत ने कश्मीर में शांति और विकास का माहौल बनाया है। सत्ता में मोदी सरकार आने के बाद पत्थरबाजी और उग्रवाद की घटनाओं में भारी कमी आई है। पहलगाम हमले का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को ऐसा जवाब दिया जिसे वह कभी नहीं भूलेगा।
भारत-अमेरिका परमाणु ऊर्जा संबंधों को लेकर उन्होंने कहा कि भारत परमाणु ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर है। कठिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और प्रतिबंधों के बावजूद भारत ने अपनी परमाणु क्षमता विकसित की। यदि अमेरिका भारत के साथ सहयोग करना चाहता है तो उसका स्वागत है, लेकिन भारत अपने सामरिक हितों से समझौता नहीं करेगा।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के भारत दौरे को सकारात्मक बताते हुए प्रतुल शाह देव ने कहा कि भारत और अमेरिका दुनिया के दो सबसे बड़े लोकतंत्र हैं और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस दौरे से दोनों देशों के संबंध और बेहतर होंगे तथा कई लंबित समझौतों पर प्रगति होगी।
प्रधानमंत्री मोदी को विभिन्न देशों द्वारा दिए गए सर्वोच्च नागरिक सम्मानों का उल्लेख करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि 31-32 देशों द्वारा सम्मानित किया जाना भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज दुनिया के कई देश भारत को भरोसेमंद साझेदार मानते हैं और यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व का परिणाम है।
1 जुलाई से प्रस्तावित 'विकसित भारत जी राम जी योजना' पर प्रतुल शाह देव ने कहा कि यह केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, जिसके तहत ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है। योजना में कार्य दिवस बढ़ाए गए हैं और भुगतान प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाया गया है ताकि मनरेगा जैसी योजनाओं में भ्रष्टाचार पर रोक लगाई जा सके।
पश्चिम बंगाल में सीमा पर बाड़ लगाने के लिए बीएसएफ को जमीन सौंपे जाने के फैसले का स्वागत करते हुए उन्होंने कहा कि यह घुसपैठ रोकने की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित इस मुद्दे को नई सरकार ने प्राथमिकता देते हुए हल किया है। साथ ही उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को पश्चिम बंगाल में लागू किए जाने को भी सरकार का बड़ा फैसला बताया।
--आईएएनएस
पीएसके

