पीएम मोदी का काम के प्रति समर्पण और निरंतरता सराहनीय, देश विकास की ओर बढ़ा : मनीषा कायंदे
मुंबई, 6 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 10 जून को भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले पीएम बनने वाले हैं। वह पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ेंगे। इस पर शिवसेना एमएलसी और प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने पीएम मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का अपने काम के प्रति समर्पण और निरंतरता काबिले-तारीफ है।
मनीषा कायंदे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "यह देश के लिए गर्व की बात है कि किसी ने जवाहरलाल नेहरू और इंदिरा गांधी के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। पीएम मोदी का अपने काम के प्रति समर्पण और निरंतरता काबिले-तारीफ है। वे एक दिन की भी छुट्टी नहीं लेते, न तो वे थकते हैं और न ही रुकते हैं। मेरी राय में, यह वास्तव में गर्व की बात है कि देश को ऐसे प्रधानमंत्री मिले हैं।"
देश की जीडीपी में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, विपक्ष हमेशा से विदेशों में देश की अर्थव्यवस्था को लेकर हमलावर रहा है। इस पर शिवसेना एमएलसी और प्रवक्ता मनीषा कायंदे ने कहा कि विपक्ष, खासकर राहुल गांधी, भारत को बदनाम करने के लिए देश और विदेश में घूमते हैं। वे यहां के युवाओं को भड़काने की कोशिश करते हैं।
कायंदे ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान, उन्होंने यह झूठी बात फैलाई कि संविधान बदल दिया जाएगा, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने उनके सभी दावों को गलत साबित कर दिया। कांग्रेस जिस 'भूकंप' की बात करती है, वह केवल उनके अपने दिमाग में है। किसी भी देश की प्रगति का सबसे बड़ा पैमाना उसकी जीडीपी है, और भारत की जीडीपी दिखाती है कि देश विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है।
मनीषा कायंदे कहती हैं, "प्रधानमंत्री मोदी 12 वर्षों से देश का नेतृत्व कर रहे हैं और इस दौरान देश लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ा है। राहुल गांधी कहते थे कि देश में भूकंप आएगा, लेकिन मुझे लगता है कि अस्थिरता खुद राहुल गांधी में है। उन्हें समझ नहीं आ रहा कि अपनी पार्टी को किस दिशा में ले जाएं। कांग्रेस पार्टी में ही एक बड़ा भूकंप आएगा, और कांग्रेस का जो कुछ भी बचा है, वह भी बिखर जाएगा।"
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का देश को आगे ले जाने का विजन है। अन्य देशों की तुलना में भारत एक महाशक्ति बनकर उभरे, इसके लिए उनका प्रयास जारी है।
--आईएएनएस
एएसएच/

