पीएम मोदी बने सबसे अधिक कार्यकाल वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री, बी.एस. येदियुरप्पा ने बताया ऐतिहासिक माइलस्टोन
बेंगलुरु, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 10 जून 2026 को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा देने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इस अवसर पर कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि आज भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है।
येदियुरप्पा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने लगातार 4,399 दिनों तक देश का नेतृत्व करते हुए पंडित जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे आने वाले वर्षों में भी भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जाते रहें।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित एक विस्तृत पत्र भी जारी किया, जिसमें उन्होंने इस उपलब्धि को केवल व्यक्तिगत रिकॉर्ड नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े वैचारिक आंदोलन की 75 वर्षों की यात्रा का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 1951 में भारतीय जनसंघ की स्थापना से शुरू हुआ राजनीतिक सफर आज एक महत्वपूर्ण मुकाम पर पहुंचा है।
येदियुरप्पा ने मोदी सरकार के कार्यकाल में देश की आर्थिक प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2014 में भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जबकि आज देश चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है। उन्होंने निर्यात वृद्धि, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश और कारोबारी माहौल में सुधार को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।
अपने पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री जन धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और उड़ान योजना जैसी कल्याणकारी योजनाओं का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
येदियुरप्पा ने मोदी सरकार के कुछ बड़े राजनीतिक और संवैधानिक फैसलों का जिक्र करते हुए अनुच्छेद 370 को हटाने और अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को ऐतिहासिक घटनाएं बताया। उन्होंने कहा कि इन फैसलों का देश के राजनीतिक और सामाजिक इतिहास में विशेष महत्व है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की वैश्विक स्तर पर बढ़ती प्रतिष्ठा का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों द्वारा प्रदान किए गए अनेक सर्वोच्च नागरिक सम्मानों, भारत की जी-20 अध्यक्षता, चंद्रयान-3 मिशन की सफलता और यूपीआई के वैश्विक विस्तार ने विश्व मंच पर भारत की स्थिति को मजबूत किया है।
अपने संदेश के अंत में येदियुरप्पा ने प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु नेतृत्व की कामना करते हुए कहा कि विकसित भारत 2047 का लक्ष्य देश को नई दिशा देने वाला राष्ट्रीय संकल्प है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत उस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
--आईएएनएस
एएमटी/एएस

