पीएम मोदी 100 नई इलेक्ट्रिक बसें असम को करेंगे समर्पित: सीएम हिमंत बिस्वा सरमा
गुवाहाटी, 9 फरवरी (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के लोगों के बीच मौजूद रहेंगे और राज्य को 100 नई इलेक्ट्रिक बसें समर्पित करेंगे। उन्होंने कहा कि यह कदम असम के सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह हरित (ग्रीन) बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास साबित होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलेक्ट्रिक बसों की यह नई खेप न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगी, बल्कि राज्य में आधुनिक, स्वच्छ और टिकाऊ परिवहन व्यवस्था को भी मजबूती देगी। उन्होंने इसे असम के ग्रीन मोबिलिटी विजन की दिशा में एक अहम मील का पत्थर बताया।
सरकार देश की सैन्य तैयारियों और किसी भी युद्ध जैसी स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत करने के लिए भी लगातार कदम उठा रही है। इसी कड़ी में पूर्वोत्तर भारत में एक आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (इमरजेंसी लैंडिंग एयरस्ट्रिप) को तैयार किया गया है।
असम के डिब्रूगढ़ जिले के मोरान क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 पर 4.2 किलोमीटर लंबी यह इमरजेंसी लैंडिंग स्ट्रिप पूरी हो चुकी है और इसके भी 14 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन किए जाने की संभावना है। यह पूर्वोत्तर क्षेत्र में किसी एक्सप्रेसवे पर बनी पहली आपातकालीन लैंडिंग सुविधा है।
रक्षा अधिकारियों के अनुसार, इस स्ट्रिप को इस तरह डिजाइन किया गया है कि युद्ध या आपात स्थिति में यहां से लड़ाकू और परिवहन विमानों की लैंडिंग और टेक-ऑफ संभव हो सके। इसका महत्व ऐसे समय में और बढ़ जाता है, जब भारत को पाकिस्तान और चीन, दोनों मोर्चों पर चुनौतीपूर्ण हालात का सामना करना पड़ सकता है।
उद्घाटन के दौरान भारतीय वायुसेना के राफेल और सुखोई-30 लड़ाकू विमान ‘टच एंड गो’ अभ्यास करेंगे, जबकि सी-130 और एएन-32 जैसे परिवहन विमान इस स्ट्रिप पर उतरकर फिर उड़ान भरेंगे।
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-2 पर बनी यह 4.2 किलोमीटर लंबी स्ट्रिप देश के अन्य एक्सप्रेसवे की तर्ज पर विकसित की गई है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसे सैन्य अभियानों में प्रभावी रूप से इस्तेमाल किया जा सके।
--आईएएनएस
डीएससी

