Samachar Nama
×

पीएम किसान सम्मान निधि से अन्नदाताओं को राहत, किसान बोले- खेती में मिल रही मदद

पीएम किसान सम्मान निधि से अन्नदाताओं को राहत, किसान बोले- खेती में मिल रही मदद
पीएम किसान सम्मान निधि से अन्नदाताओं को राहत, किसान बोले- खेती में मिल रही मदद

देहरादून/चमोली, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार किसानों को सशक्‍त करने के लिए कई तरह की योजनाएं चला रही है। इनमें से एक प्रधानमंत्री किसान सम्‍मान निधि है। यह योजना किसानों के लिए वरदान साबित हो रही है।

उत्तराखंड के सीमांत जनपद चमोली में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों के लिए आर्थिक संबल साबित हो रही है। जिले के 48,275 किसान इस योजना का लाभ प्राप्त कर रहे हैं और उन्हें मिलने वाली आर्थिक सहायता खेती-किसानी की जरूरतों को पूरा करने में मददगार बन रही है।

योजना की लाभार्थी मालती ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में बताया कि वह प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से जुड़ी हुई हैं और उन्हें हर वर्ष तीन किस्तों में 6,000 रुपए की राशि सीधे खाते में प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि इस धनराशि से बीज और खाद जैसी कृषि जरूरतों की पूर्ति होती है, जिससे खेती करने में काफी सुविधा मिलती है।

मालती ने कहा कि यह योजना अन्नदाताओं के लिए बेहद उपयोगी है और छोटे किसानों को खेती जारी रखने में मदद कर रही है। उन्होंने किसानों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार का आभार भी व्यक्त किया।

केंद्र सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पात्र किसानों को प्रतिवर्ष 6,000 रुपए की सहायता राशि तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। किसान इस धनराशि का उपयोग बीज, खाद और कृषि कार्यों में आवश्यक अन्य सामग्री खरीदने के लिए कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि योजना से खेती की लागत का बोझ कुछ हद तक कम हुआ है और कृषि कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने में सहायता मिल रही है।

जिले के किसानों का मानना है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ कृषि क्षेत्र को भी नई मजबूती प्रदान कर रही है।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags