दिल्ली के पीतमपुरा में दो कारों की टक्कर में दो युवक घायल
नई दिल्ली, 29 मार्च (आईएएनएस)। दिल्ली के पीतमपुरा के आरपी चौक के पास रविवार सुबह एनएसपी की तरफ से आ रही कार ने एक गाड़ी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों कारें क्षतिग्रस्त हो गईं और उनमें बैठे लोग भी घायल हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 5:30 बजे पीतमपुरा के आरपी चौक के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। यह हादसा जीडी गोयनका स्कूल के सामने हुआ, जहां एनएसपी की तरफ से आ रही कार ने आरपी चौक की ओर बढ़ते समय राघव माथुर की मारुति ब्रीजा को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद मौर्य एन्क्लेव थाना पुलिस को एक पीसीआर कॉल के माध्यम से सूचना मिली। कॉल करने वाले राघव माथुर ने पुलिस को हादसे की पूरी जानकारी दी।
घायल पारथ गंबीर (21) निवासी पीतमपुरा को तुरंत फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग ले जाया गया, जहां उसे भर्ती कर लिया गया। वहीं, कॉल करने वाले राघव माथुर को हल्की चोटें आई थीं, उसे भगवान महावीर अस्पताल में मेडिकल चेकअप के लिए ले जाया गया। हादसे वाली कार के ड्राइवर को भी उसी अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया।
हादसे की जगह पर जिला क्राइम टीम ने जाकर पूरी जांच की। दोनों गाड़ियों को मौर्या एन्क्लेव थाने ले जाया गया ताकि आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
पुलिस ने कहा कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जाएंगे। ड्राइवर की गलती, वाहन की गति और सड़क की स्थिति जैसी सभी बातों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई होगी। फिलहाल दोनों घायल सुरक्षित हैं और उनका इलाज चल रहा है।
वहीं, हादसे की वजह से कुछ देर के लिए आरपी चौक पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ लेकिन थोड़ी देर बाद यातायात सामान्य हो गया।
--आईएएनएस
पीआईएम/पीएम

