पिता के निधन से टूटे अनुभव सिन्हा, भावुक पोस्ट में बोले- घर बड़ा और खाली लगने लगा है
मुंबई, 21 नवंबर (आईएएनएस)। फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा के पिता प्रेम गोविंद सिन्हा का कुछ समय पहले ही निधन हो गया था। पिता को याद कर निर्देशक काफी भावुक नजर आए। उन्होंने बताया कि पिता के जाने के बाद घर अचानक 'बड़ा' और 'खाली' लगने लगा है।
अनुभव सिन्हा ने अपने पिता की तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर करते हुए लिखा, "अचानक यूं हुआ कि घर बड़ा लगने लगा, और खाली। अचानक यूं हुआ कि अब उनके साथ कोई नई तस्वीर नहीं होंगी। अचानक यूं हुआ कि अब उनके लिए नई-नई मिठाई ढूंढना बंद हो जाएगा। बाकी सब यथावत रहेगा। उनसे प्यार। उनसे बातचीत। सब वैसा ही रहेगा। ना। सब तो नहीं। 95 साल कम नहीं होते, पर काफी भी नहीं होते।"
इसके बाद उन्होंने अपनी मां से सुनी अपने माता-पिता के शुरुआती दिनों की एक मार्मिक कहानी को याद किया। उन्होंने लिखा, "मां बताती थीं कि जब पापा उनको देखने गए थे, शादी के लिए, तो इशारा हुआ कि वो गाना सुनाएं। उन्होंने अपना प्रिय गाना सुनाया था, 'छोटी सी ये जिंदगी रे'। फिर हम भी उनसे अक्सर ये गाना सुनते थे।"
बता दें कि निर्देशक अनुभव सिन्हा का यह पोस्ट उनके पिता प्रेम गोविंद सिन्हा (पी.जी. सिन्हा) के निधन के बाद आया है। उनके पिता का निधन 19 नवंबर 2026 को रात करीब 9 बजे 95 वर्ष की आयु में हुआ था।
निर्देशक के लिए यह नुकसान बहुत बड़ा है, क्योंकि अनुभव अक्सर सोशल मीडिया के जरिए अपने पिता के साथ अपने रिश्ते को लेकर अपनी भावनाएं जाहिर करते रहते थे।
अनुभव सिन्हा ने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में तीन दशक से ज्यादा का करियर बनाया है। उनका जन्म 22 जून 1965 को इलाहाबाद में हुआ था। उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी, लेकिन बाद में फिल्ममेकिंग की तरफ आ गए। उन्होंने शुरुआत में टेलीविजन में काम किया और फिर म्यूजिक वीडियो डायरेक्ट किए। इसके बाद साल 2001 में फिल्म 'तुम बिन' से उन्होंने बड़े पर्दे पर डेब्यू किया।
साल 2018 में 'मुल्क' के साथ उनकी फिल्ममेकिंग ने एक यथार्थवादी मोड़ लिया। इसके बाद 2019 में 'आर्टिकल 15' और 2020 में 'थप्पड़' आई। बाद में उन्होंने 'अनेक' और 'भीड़' का निर्देशन किया। साथ ही उन्होंने 'फराज' और 'अफवाह' जैसी फिल्मों का निर्माण भी किया।
--आईएएनएस
एनएस/एएस

