पिकलबॉल वर्ल्ड कप: आईपीए ने भारतीय टीम की नई जर्सी लॉन्च की
मुंबई, 30 जून (आईएएनएस)। इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन (आईपीए) ने इस साल के आखिर में वियतनाम के दा नांग में होने वाले पिकलबॉल विश्व कप के लिए भारतीय टीम की आधिकारिक जर्सी लॉन्च की है।
जर्सी लॉन्च के मौके पर आईपीए के निदेशक आलाप शर्मा, पीडब्लूआर के सह-संस्थापक आशीष खन्ना, आईपीए टीम के दिलीप मोहंती, असम पिकलबॉल एसोसिएशन से नाजनीन रहमान, लखनऊ लेपर्ड्स के शालीन जैन और पिकलबे के संस्थापक सिद्धांत जैता शामिल हुए।
नई जर्सी के डिजाइन में, नीला रंग बड़े समुद्र को दिखाता है, जो टीम की ताकत और लचीलेपन की निशानी है। जर्सी पर बने लेपर्ड्स उस ऊर्जा और ताकत को दिखाते हैं जो इंडियन पिकलबॉल टीम की पहचान है और लखनऊ लेपर्ड्स के समर्थन का सम्मान करते हैं। यह साझेदारी भारत में बुनियादी और पेशेवर पिकलबॉल का समर्थन करने के लिए फ्रेंचाइजी की प्रतिबद्धता को दिखाती है। राष्ट्रीय टीम का समर्थन करके, फ्रेंचाइजी घरेलू लीग की उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय सफलता से जोड़ना चाहती है।
आईपीए के अध्यक्ष सूर्यवीर सिंह भुल्लर ने कहा, "इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन को उस टीम पर पूरा भरोसा है जो पिकलबॉल वर्ल्ड कप में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हाल ही में अनाउंस की गई जूनियर टीम इसी सोच का सबूत है। यूएस ओपन में टीम ने जो परिणाम दिए हैं, वे वर्ल्ड कप में क्या मुमकिन है, इसकी एक झलक मात्र हैं। आईपीए मौजूदा टीम के साल भर विकास में विश्वास करता है और लगातार ऐसे खिलाड़ियों की तलाश कर रहा है जो भविष्य में देश के लिए अच्छा प्रदर्शन कर सकें। हम टीम को शुभकामनाएं देते हैं और एक रिकॉर्ड तोड़ने वाले वर्ल्ड कप का इंतजार कर रहे हैं।"
जूनियर टीम में अर्जुन सिंह, आदित्य सिंह, नाओमी अमलसदीवाला, देव शाह, पूर्वांश पटेल, विवान पटेल, आश्रिता राजू और दीया मट्टीपति शामिल हैं। अर्जुन सिंह और आदित्य सिंह ने यूएस ओपन में पंथ ठक्कर के साथ मिलकर शानदार प्रदर्शन किया था, अर्जुन सिंह ने इवेंट में ट्रिपल क्राउन जीता था। इंडिया अंडर-14 टीम की कप्तानी वीर शाह कर रहे हैं। इसमें वीरांश चोपड़ा, एरिन बल्लानी, माहिका राठौड़, मानसी कार्तिक और आश्रिता एस शामिल हैं।
आईपीए चयन समिति ने एक संरचनात्मक प्रक्रिया के जरिए राष्ट्रीय टीम को चुना, जिसमें प्रदर्शन को प्राथमिकता दी जाती है। इस सप्ताह के अंत में आईपीए से मंजूर इवेंट्स में पिछले परिणाम का मूल्यांकन भी शामिल है।
--आईएएनएस
पीएके

