Samachar Nama
×

पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2026 : भारत का शानदार प्रदर्शन जारी, फिलीपींस को हराकर बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह

पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2026 : भारत का शानदार प्रदर्शन जारी, फिलीपींस को हराकर बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह
पिकलबॉल वर्ल्ड कप 2026 : भारत का शानदार प्रदर्शन जारी, फिलीपींस को हराकर बनाई क्वार्टर फाइनल में जगह

मुंबई, 4 सितंबर (आईएएनएस)। वियतनाम के दा नांग में चल रहे पिकलबॉल वर्ल्ड कप के टीम इवेंट के दूसरे दिन भारतीय टीम बिना कोई मैच हारे क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में भारतीय टीम ने फिलीपींस को हराया।

फिलीपींस के खिलाफ राउंड ऑफ 16 का मुकाबला मुश्किल होने की उम्मीद थी, लेकिन भारतीय टीम ने 4-1 के स्कोर से मैच जीत लिया। पर्ल और मिहिका की महिला डबल्स जोड़ी ने एक बार फिर भारत को पहला पॉइंट दिलाया, जबकि पुरुष डबल्स जोड़ी दूसरे टाई में कड़े मुकाबले के बाद 19-21 से हार गई।

अगले दो मिक्स्ड डबल्स मैच भारत के पक्ष में रहे, जिससे उन्हें 3-1 की बढ़त मिली। आलिया इब्राहिम ने अपनी प्रतिद्वंद्वी को 21-12 से हराकर भारत को क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया।

क्वार्टर फाइनल में भारतीय टीम का सामना मजबूत अमेरिका से होगा। हर्ष मेहता, अर्जुन सिंह, अनीश फ्रोइलन, अमन पटेल, पर्ल अमलसादीवाला, नाओमी अमलसादीवाला, आलिया इब्राहिम और मिहिका यादव वाली भारतीय प्रो टीम ने राउंड ऑफ 32 में चीन को 4-0 से हराया था।

पर्ल अमलसादीवाला और मिहिका यादव ने मैच का पहला टाई 21-19 से जीतकर अच्छी शुरुआत की, जिसके बाद हर्ष मेहता और अर्जुन सिंह ने टीम इंडिया के लिए एक और पॉइंट हासिल किया। तीसरे टाई में, हर्ष मेहता और पर्ल अमलसादीवाला ने एक मुश्किल मैच जीता, जिससे अर्जुन सिंह और मिहिका यादव के लिए चीनी टीम को 4-0 से हराने का रास्ता साफ हो गया।

पर्ल अमलसादीवाला ने शुक्रवार को कहा, "मैं इस बात से बहुत खुश हूं कि हमने अपनी योजनाओं को कैसे लागू किया और क्वार्टर फाइनल तक पहुंचे। मिहिका और हर्ष के साथ खेलना मेरे लिए बहुत अच्छा अनुभव रहा है और हर्ष मेहता की लीडरशिप बहुत अहम रही है। टीम के लिए अपनी भूमिका निभाने पर मुझे बहुत खुशी है और मैं क्वार्टर फाइनल का बेसब्री से इंतजार कर रही हूं। शनिवार को बाकी भारतीय टीमों के लिए एक अहम दिन है, लेकिन हम चुनौती के लिए तैयार हैं।"

भारत की मास्टर्स टीम, जूनियर टीम और किड्स टीम ने भी क्रमशः वियतनाम, चीनी ताइपे और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। भारत की सीनियर टीम राउंड ऑफ 16 में न्यूजीलैंड से हार गई, जिससे वर्ल्ड कप के इस संस्करण में उनका सफर खत्म हो गया। इंडिया मास्टर्स ने राउंड ऑफ 16 में चीन को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराया। निर्णायक मैच में भूषण अकुत और पेटुलिया बालाजी ने 21-9 से शानदार जीत हासिल की।

इंडियन पिकलबॉल एसोसिएशन के ट्रेजरर आलाप शर्मा ने कहा, "शनिवार को हमारी किड्स, जूनियर्स, ओपन और मास्टर्स (60+) टीमें पूरे जोश के साथ क्वार्टर फाइनल में उतरेंगी। हर खिलाड़ी अपना बेस्ट दे रहा है और देश के लिए पूरे दिल, हिम्मत और गर्व के साथ खेल रहा है। उन्हें खेल में अपना सब कुछ झोंकते हुए देखना हमें खुशी और गर्व से भर देता है। उनके प्रदर्शन से हमें और भी अधिक यकीन हो गया है कि भारत की जीत देखने से बड़ी कोई चीज नहीं है।"

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story

Tags