'पिछले एक साल में खुद पर काफी काम किया', दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने के बाद बोले समीर रिजवी
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को आईपीएल 2026 के 8वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस को 6 विकेट से हराया। दिल्ली को इस सीजन की लगातार दूसरी जीत दिलाने में समीर रिजवी ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई। समीर ने बताया कि उन्होंने पिछले एक साल में अपनी बल्लेबाजी पर काफी काम किया है। समीर को उनके दमदार प्रदर्शन के लिए 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
मुबंई इंडियंस के खिलाफ मिली जीत के बाद समीर ने कहा, "मैंने खुद पर बहुत मेहनत की है, क्योंकि पिछले साल से अब तक बहुत सारे बदलाव आए हैं। मैंने अपनी सभी कमजोरियों पर काम किया, और मुझे तेज गेंदबाजों के खिलाफ कुछ दिक्कतें होती थीं, इसलिए मैंने पूरे साल उस पर बहुत काम किया। अब मेरी मेहनत रंग ला रही है, और मैं अच्छी बैटिंग कर रहा हूं। आपने जो बात कही वो पूरी तरह से सही है कि कभी-कभी जब कोई खिलाड़ी अपनी लय में होता है, तो उसे गेंद अलग ही नजर आती है।"
समीर ने बताया कि वह मैच की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर बल्लेबाजी करते हैं। उन्होंने कहा, "मैं हमेशा हालात के हिसाब से खेलने की कोशिश करता हूं। अगर हालात बदल रहे होते हैं, तो मैं दोनों पारियों में उसी हिसाब से खेलता हूं। शुरुआत में हमारे हालात ऐसे थे कि थोड़ा समय लेना जरूरी था, इसलिए मैंने अपना समय लिया। फिर हालात के हिसाब से जब मैं विकेट पर जम गया, तो मैंने अपने शॉट्स खेले और गेंद को आखिर तक देखने की कोशिश की।"
समीर ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंदों में 90 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी के दौरान उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के लगाए। अपनी बल्लेबाजी को लेकर बात करते हुए समीर ने कहा, "हां, मैं कोशिश करता हूं कि जब भी मैं ऐसे हालात में बल्लेबाजी करने आऊं, तो थोड़ा समय लूं, क्योंकि समय के साथ आप विकेट पर जम जाते हैं। एक बार जब आप जम जाते हैं, तो आप हालात को बेहतर ढंग से समझ पाते हैं और उसी हिसाब से खेल सकते हैं। फिर आपको इस बात का ज्यादा दबाव महसूस नहीं होता कि आगे क्या करना है। एक बार जब आप क्रीज पर जम जाते हैं, तो बैटिंग में चीजें आसान हो जाती हैं।"
उन्होंने कहा, "हां, यह किसी भी खिलाड़ी के लिए बहुत अहम समय होता है, क्योंकि अगर आप यहां रन बनाते हैं और अच्छी बैटिंग करते हैं, तो आपका आत्मविश्वास बढ़ता है। आपको आगे बढ़ने के, ज्यादा खेलने के और बड़े मंचों पर मौके पाने के अवसर भी मिलते हैं। यह बहुत अच्छी बात है।" केएल राहुल और नीतीश राणा के सस्ते में आउट होने के बाद समीर ने तीसरे विकेट के लिए पाथुम निसांका के साथ मिलकर 66 रन जोड़े। वहीं, चौथे विकेट के लिए उन्होंने डेविड मिलर संग मिलकर महज 39 गेंदों में 78 रनों की अहम साझेदारी निभाई और दिल्ली कैपिटल्स की राह आसान कर दी। लगातार दूसरी जीत के साथ दिल्ली कैपिटल्स प्वाइंट्स टेबल में पहले स्थान पर आ गई है।
--आईएएनएस
एसएम/पीएम

