पिछले साल चीन में रेलवे से बड़ी संख्या में यात्रियों ने किया सफर
बीजिंग, 4 जनवरी (आईएएनएस)। चीनी राष्ट्रीय रेलवे समूह के अनुसार वर्ष 2025 में पूरे देश में लोगों ने 4 अरब 25 करोड़ 50 लाख बार रेलवे से यात्रा की, जो वर्ष 2024 की तुलना में 4.2 प्रतिशत अधिक है। सबसे व्यस्त दिन में लोगों ने 2 करोड़ 31 लाख 32 हजार बार रेलवे से यात्रा की, जो एक नया रिकॉर्ड है।
बताया जाता है कि वर्ष 2025 में चीनी राष्ट्रीय रेलवे व्यवस्था ने 4 अरब 6 करोड़ 60 लाख टन के माल का परिवहन किया, जो वर्ष 2024 से 2.1 फीसदी ज्यादा है और लगातार 9 सालों से बढ़ोतरी दर्ज हुई। एक दिन में लोड किए गए वाहनों की संख्या पहली बार 2 लाख से ज़्यादा है।
वर्ष 2025 में पूरे चीन में रेलवे का अचल संपत्ति निवेश 9 खरब 1 अरब 50 करोड़ युआन रहा, जिसकी वृद्धि दर 6 प्रतिशत है। 3,109 किमी. की नई रेलवे लाइन संचालन में लाई गई। इनमें हाई स्पीड रेल की लंबाई 2,862 किमी है।
आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 के अंत तक पूरे चीन में रेलवे की कुल लंबाई 1 लाख 65 हजार किमी है, जिनमें हाई स्पीड रेल की लंबाई 50 हजार किमी से अधिक है।
वर्ष 2025 में चीनी रेलवे एक्सप्रेस ने 34 हजार बार चक्कर लगाए। इससे 31 लाख 70 हजार टीईयू भेजे गए, जो वर्ष 2024 की तुलना में क्रमशः 9.8 प्रतिशत और 7.6 प्रतिशत अधिक है।
(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
एबीएम/

