फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट एआई2379 में टर्बुलेंस, सात यात्री घायल, चार क्रू मेंबर अभी अस्पताल में भर्ती
नई दिल्ली, 4 अगस्त (आईएएनएस)। थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई2379 को मंगलवार को उड़ान के दौरान अचानक भारी टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। इस दौरान विमान की ऊंचाई में क्षणिक बदलाव आया, जिससे कई यात्रियों और क्रू मेंबर्स को चोटें आईं। हालांकि, विमान की दिल्ली एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग हो गई और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि फ्लाइट को कुछ देर के लिए टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा, जिसके कारण विमान का एल्टीट्यूड अचानक ऊपर-नीचे हुआ। घटना के बाद घायलों को तुरंत इलाज के लिए फोर्टिस हॉस्पिटल ले जाया गया।
फोर्टिस हॉस्पिटल के इमरजेंसी हेड डॉ. उज्ज्वल वैद ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया, "कुल सात मरीज अस्पताल लाए गए थे। इनमें से तीन को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। बाकी चार क्रू मेंबर अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। एक क्रू मेंबर की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर है। एक अन्य क्रू मेंबर को सस्पेक्टेड इंजरी है और एक अन्य के पेल्विस में चोट लगने का संदेह है।"
डॉ. वैद ने बताया, "डिस्चार्ज किए गए लोगों में दो महिलाएं शामिल हैं, जिनकी उम्र करीब 30 साल और 20 साल है। एक पुरुष मरीज भी है, जिसकी उम्र करीब 35 साल है। अस्पताल में भर्ती चारों क्रू मेंबर महिलाएं हैं और उनकी उम्र 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है।"
उन्होंने कहा, "जब फ्लाइट हवा में थी तब अचानक प्रेशर ड्रॉप हुआ और वर्टिकल झटका लगा। ऐसे झटकों में चोट लगने का खतरा रहता है। राहत की बात यह है कि किसी भी मरीज को गंभीर चोट नहीं आई है। दोपहर करीब 12.45 बजे उन्हें एयरपोर्ट से कॉल आया था कि कुछ मरीज आ रहे हैं जिन्हें स्पाइनल इंजरी होने का शक है। चोट की गंभीरता और वजह के बारे में पहले जानकारी नहीं थी, लेकिन 5 से 8 मरीजों के आने की उम्मीद थी। इसके बाद अस्पताल की इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम को तुरंत एक्टिवेट किया गया।"
उन्होंने कहा, "फोर्टिस में किसी भी तरह की इमरजेंसी या आपदा से निपटने के लिए नियमित मॉक ड्रिल की जाती हैं, जिससे टीम तुरंत तैयार हो जाती है।"
इससे पहले एयर इंडिया ने भी बयान जारी कर घटना की पुष्टि की। कंपनी ने कहा कि फ्लाइट के दौरान टर्बुलेंस के कारण कुछ यात्रियों को असहजता हुई थी। लैंडिंग के बाद सभी को जरूरी मेडिकल सहायता दी गई।
--आईएएनएस
एससीएच/एबीएम

