Samachar Nama
×

'फूल और कांटे' फेम फिल्म डायरेक्टर कुकू कोहली का मुंबई में निधन, बुधवार को अंतिम संस्कार

'फूल और कांटे' फेम फिल्म डायरेक्टर कुकू कोहली का मुंबई में निधन, बुधवार को अंतिम संस्कार
'फूल और कांटे' फेम फिल्म डायरेक्टर कुकू कोहली का मुंबई में निधन, बुधवार को अंतिम संस्कार

मुंबई, 25 अगस्त (आईएएनएस)। हिंदी फिल्म जगत के जाने-माने निर्देशक कुकू कोहली का मंगलवार को 77 साल की उम्र में मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से बॉलीवुड और फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

कुकू कोहली के करीबी लोगों ने उनके निधन की पुष्टि की। बताया जा रहा है कि कुकू कोहली किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित नहीं थे। अचानक दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ा, उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।

अशोक पंडित ने सोशल मीडिया पर लिखा कि फिल्ममेकर कुकू कोहली के निधन की खबर देते हुए मेरा दिल टूट रहा है। आज मैंने एक बहुत अच्छे दोस्त और बेहतरीन फिल्ममेकर को खो दिया है। यह फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उनकी पत्नी अरुणा ईरानी और उनकी बेटियों, करिश्मा कोहली और पूजा कोहली के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं।

अशोक पंडित के अनुसार, कुकू कोहली का शव अंतिम दर्शन बुधवार सुबह 9.30 बजे ग्रीन एकर्स, लोखंडवाला में होगा और अंतिम संस्कार ओशिवारा श्मशान घाट पर सुबह 10:30 बजे किया जाएगा।

कुकू कोहली फिल्म इंडस्ट्री की कई प्रमुख संस्थाओं से जुड़े रहे। उन्होंने इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी और इंडियन फिल्म एंड टेलीविजन डायरेक्टर्स एसोसिएशन के महासचिव की जिम्मेदारी संभाली थी।

कुकू कोहली ने साल 1991 में फिल्म ‘फूल और कांटे’ से बतौर निर्देशक डेब्यू किया। यह फिल्म अभिनेता अजय देवगन की पहली फिल्म थी और बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई। इसके बाद उन्होंने 'कोहराम', 'सुहाग', 'हकीकत', 'अनाड़ी नंबर-1', 'जुल्मी', 'ये दिल आशिकाना' और 'वो तेरा नाम था' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। उनकी फिल्मों ने 1990 के दशक और शुरुआती 2000 के दौर में दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई।

कुकू कोहली की पत्नी हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री अरुणा ईरानी हैं। दोनों की प्रेम कहानी भी फिल्मी अंदाज में शुरू हुई थी। कुछ समय पहले रियलिटी शो इंडियन आइडल में अरुणा ईरानी ने अपनी प्रेम कहानी का जिक्र करते हुए बताया था कि शुरुआत में उनकी और कुकू कोहली की बिल्कुल नहीं बनती थी। शूटिंग के दौरान मजाक-मजाक में शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई।

अरुणा ईरानी हिंदी सिनेमा की सबसे बहुमुखी अभिनेत्रियों में गिनी जाती हैं और 500 से अधिक फिल्मों में काम कर चुकी हैं।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम

Share this story