फिर से 'शून्य' पर आउट हुए अभिषेक, इस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक नहीं खुला खाता
कोलंबो, 15 फरवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच में भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। पेट में संक्रमण के चलते अभिषेक नामीबिया के विरुद्ध मुकाबले से बाहर रहे थे। इसके बाद वापसी करते हुए यह 25 वर्षीय खिलाड़ी सिर्फ 4 ही गेंदों का सामना कर सका, जिसमें खाता नहीं खुला। उन्हें पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा ने शाहीन अफरीदी के हाथों कैच आउट कराया।
अभिषेक शर्मा टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पिछले 6 मुकाबलों की चार पारियों में खाता नहीं खोल सके हैं। इस विश्व कप में उन्होंने 2 मैच खेले, जिसमें खाता नहीं खुला। यूएसए के विरुद्ध अभिषेक पहली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए थे।
अभिषेक शर्मा ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध सीरीज के अंतिम चार मुकाबलों में 0(1), 68*(20), 0(1) और 30(16) रन बनाए थे। यानी पिछली 6 टी20 पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 98 रन ही आए हैं।
इस वर्ल्ड कप में आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुए तीनों मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले इस वेन्यू पर हुए 8 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में सभी मैच चेज करने वाली टीम ने अपने नाम किए थे।
भारतीय टीम इस मुकाबले में दो बदलावों के साथ उतरी है। संजू सैमसन के स्थान पर अभिषेक शर्मा को मौका दिया गया है, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह कुलदीप यादव खेल रहे हैं। इस मुकाबले में टीम इंडिया सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह के साथ उतरी है।
दूसरी ओर, पाकिस्तानी टीम इस मैच में बगैर किसी बदलाव के उतरी है। सलमान आगा की कप्तानी में सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, बाबर आजम, मोहम्मद नवाज, शादाब खान, फहीम अशरफ, उस्मान खान (विकेटकीपर), शाहीन अफरीदी, अबरार अहमद और उस्मान तारिक को इस मुकाबले में मौका दिया गया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 8 टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें 7 मैच टीम इंडिया ने जीते, जबकि एक मैच पाकिस्तान के नाम रहा है।
--आईएएनएस
आरएसजी

