फिलीपींस में पापुआ न्यू गिनी के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, 146 यात्री और चालक दल सुरक्षित
मनीला, 21 नवंबर (आईएएनएस)। हांगकांग से पापुआ न्यू गिनी जा रहे एयर नियुगिनी के एक विमान की शनिवार तड़के दक्षिणी फिलीपींस के दावाओ अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर आपात लैंडिंग हुई। विमान के दाहिने इंजन में आग या चिंगारी की आशंका का संकेत मिलने के बाद पायलटों ने आपात लैंडिंग का फैसला किया। विमान में सवार सभी 146 लोग सुरक्षित हैं। इनमें 137 यात्री और चालक दल के नौ सदस्य शामिल हैं।
फिलीपींस के नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (सीएएपी) के अनुसार, बोइंग 767-383ईआर विमान ने शनिवार रात करीब 12 बजकर 8 मिनट पर दावाओ हवाईअड्डे पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान का कॉल साइन पीएक्स19 था।
प्राधिकरण के प्रवक्ता एरिक अपोलोनियो ने बताया कि पायलटों को विमान के दाहिने इंजन में संभावित चिंगारी या आग का संकेत देने वाली चेतावनी मिली थी। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन करते हुए निर्धारित मार्ग से विमान को हटाकर दावाओ में आपात लैंडिंग की अनुमति मांगी।
विमान के उतरने के बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को आपातकालीन स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया। सभी को हवाईअड्डे के टर्मिनल पर पहुंचाया गया, जहां उन्हें सहायता और होटल में ठहरने की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई।
रॉयटर्स के अनुसार, घटना के बाद दावाओ अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर अन्य उड़ानों का परिचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया। इसके कारण मनीला से आने वाली दो घरेलू उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। रनवे की सुरक्षा जांच और आपातकालीन कार्रवाई पूरी होने के बाद तड़के करीब 2 बजकर 5 मिनट पर हवाईअड्डे का परिचालन फिर शुरू कर दिया गया।
फिलीपींस के विमानन अधिकारियों ने घटना की जांच के लिए विमान दुर्घटना जांचकर्ता तैनात किया है। जांच में पायलटों के बयान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को शामिल किया जाएगा।
--आईएएनएस
केआर/

