Samachar Nama
×

पेइचिंग में 16वां एपेक ऊर्जा मंत्री सम्मेलन शुरू

पेइचिंग में 16वां एपेक ऊर्जा मंत्री सम्मेलन शुरू
पेइचिंग में 16वां एपेक ऊर्जा मंत्री सम्मेलन शुरू

बीजिंग, 11 सितंबर (आईएएनएस)। 16वें एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) ऊर्जा मंत्री सम्मेलन का उद्घाटन गुरुवार को चीन की राजधानी पेइचिंग में हुआ। सम्मेलन में चीन के उपप्रधानमंत्री तिंग श्वेश्यांग ने भाग लिया और संबोधन दिया।

इस दौरान तिंग श्वेश्यांग ने कहा कि चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की 'चार क्रांतियां, एक सहयोग' ऊर्जा सुरक्षा रणनीति के मार्गदर्शन में चीन की ऊर्जा आपूर्ति क्षमता लगातार बढ़ रही है। साथ ही, हरित और निम्न-कार्बन परिवर्तन को बढ़ावा मिल रहा है और नई ऊर्जा उद्योग तेजी से विकसित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि चीन एपेक के ढांचे के तहत ऊर्जा सहयोग में सक्रिय रूप से भाग ले रहा है और क्षेत्रीय ऊर्जा विकास तथा वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि चीन हमेशा विश्व ऊर्जा बाजार का संरक्षक, वैश्विक हरित परिवर्तन में योगदानकर्ता और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा सहयोग का सक्रिय भागीदार बना रहेगा। इस दौरान उन्होंने तीन सुझाव भी दिए। पहला, समावेशी साझाकरण को मजबूत करना। इसके तहत एपेक की ऊर्जा पहुंच पहल को लागू करने, हरित ऊर्जा से जुड़े छोटे लेकिन प्रभावी सहयोग को प्राथमिकता देने तथा वितरित ऊर्जा और चार्जिंग बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।

दूसरा, नवाचार सहयोग को मजबूत करना। इसके तहत नई ऊर्जा भंडारण और डिजिटल ग्रिड जैसी उभरती प्रौद्योगिकियों में संयुक्त अनुसंधान को बढ़ावा देने और परिपक्व प्रौद्योगिकियों के प्रसार पर जोर दिया गया।

तीसरा, समन्वित शासन को मजबूत करना। इसके लिए वास्तविक बहुपक्षवाद को बढ़ावा देने, अधिक सुरक्षित, कुशल और टिकाऊ एपेक ऊर्जा शासन प्रणाली बनाने तथा ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखलाओं की स्थिरता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

बता दें कि इस सम्मेलन का विषय 'साझा, नवाचारी और समन्वित एपेक ऊर्जा समुदाय का निर्माण' है। इसमें एपेक अर्थव्यवस्थाओं के ऊर्जा मंत्रियों और प्रतिनिधियों के साथ-साथ संबंधित अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रमुखों समेत करीब 300 लोगों ने भाग लिया।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

--आईएएनएस

एबीएम/

Share this story

Tags