पहला वनडे: वेस्टइंडीज के खिलाफ टॉस जीतकर भारत ने चुनी गेंदबाजी, नमन धीर का डेब्यू
तिरुवनंतपुरम, 27 सितंबर (आईएएनएस)। भारत और वेस्टइंडीज के बीच ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया है।
टॉस जीतने के बाद शुभमन गिल ने कहा, "हम पहले गेंदबाजी करेंगे। पिच ठीक-ठाक लग रही है। रोशनी में बल्लेबाजी करना बेहतर होगा, इसलिए हम लक्ष्य का पीछा करना चाहते हैं। हमारे पास एक अच्छा कॉम्बिनेशन है, चार गेंदबाजों के साथ टीम में दो ऑलराउंडर हैं। वर्ल्ड कप के लिए 20 मैच और बाकी हैं, इसलिए हमारे लिए कॉम्बिनेशन टेस्ट करना अच्छा है। हम चार गेंदबाजों के साथ जा रहे हैं।"
वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने कहा, "आज हम शायद पहले बल्लेबाजी करते। हम दुनिया की बेस्ट टीमों के खिलाफ खेलना चाहते हैं। लोग इंडिया के खिलाफ खेलने का इंतजार कर रहे हैं। हमें पक्का करना है कि बोर्ड पर हमारा बड़ा स्कोर हो। उम्मीद है कि हम गेंद से अच्छा खेलेंगे। टीम में तीन तेज गेंदबाज और दो स्पिनर हैं।"
भारतीय टीम अब पूरी तरह से वनडे विश्व कप 2027 की तैयारी के मोड में आ गई है और इस मैच से इसकी शुरुआत हो रही है। श्रेयस अय्यर एशियन गेम्स की वजह से जापान में हैं। ऐसे में रुतुराज गायकवाड़ को मौका मिला है। उनके पास अवसर है, एक बार फिर इस मौके को सार्थक करते हुए बड़ी पारी खेलने का। भारतीय क्रिकेट फैंस रोहित और विराट से भी इस मैच में शानदार पारी की उम्मीद करेंगे। रवींद्र जडेजा और रेड्डी के प्रदर्शन पर भी विशेष नजर रहेगी। इस मैच से नमन धीर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज कर रहे हैं।
भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, गुरनूर बरार, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा।
वेस्टइंडीज की प्लेइंग इलेवन: जॉन कैंपबेल, जस्टिन ग्रीव्स, कीसी कार्टी, शाई होप (कप्तान, विकेटकीपर), आमिर जांगू, ज्वेल एंड्रयू, रोस्टन चेस, मैथ्यू फोर्ड, गुडाकेश मोटी, अल्जारी जोसेफ, जेडन सील्स।
--आईएएनएस
पीएके

