Samachar Nama
×

पहला टेस्ट: श्रीलंका के खिलाफ 4 बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक, पहले दिन के खेल तक पाकिस्तान- 281/5

पहला टेस्ट: श्रीलंका के खिलाफ 4 बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक, पहले दिन के खेल तक पाकिस्तान- 281/5
पहला टेस्ट: श्रीलंका के खिलाफ 4 बल्लेबाजों ने लगाए अर्धशतक, पहले दिन के खेल तक पाकिस्तान- 281/5

रावलपिंडी, 9 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान और श्रीलंका के बीच रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में जारी पहले टेस्ट मैच के शुरुआती दिन सिर्फ 67.2 ओवरों का खेल हो सका, जिसमें मेजबान टीम ने 5 विकेट खोकर 281 रन बनाए। खराब रोशनी के चलते जल्द ही दिन की समाप्ति कर दी गई। इस बीच चार पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े।

रावलपिंडी में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम को अजान ओवैस और तैय्यब आरिफ की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 86 रन जुटाए। ओवैस 30 रन बनाकर आउट हुए, जिसके कुछ देर बाद टीम ने तैय्यब का विकेट भी खो दिया, जो 51 गेंदों में 1 छक्के और 9 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुए।

पाकिस्तान को 90 के स्कोर तक 2 झटके लग गए थे। यहां से कप्तान बाबर आजम ने मोहम्मद ताहा के साथ तीसरे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। बाबर 7 चौकों के साथ 50 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद मोहम्मद ताहा ने सऊद शकील के साथ चौथे विकेट के लिए 68 रन जोड़कर टीम को 200 के पार पहुंचा दिया। ताहा ने 105 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों के साथ 51 रन की पारी खेली। टीम को 227 के स्कोर पर चौथा झटका लगा, जिसके बाद सऊद शकील ने मोर्चा संभाला। सऊद शकील दिन की समाप्ति तक 7 चौकों के साथ 57 रन बनाकर नाबाद हैं।

पहले दिन के खेले में असिथा फर्नांडो 64 रन देकर 2 विकेट अपने नाम कर चुके हैं, जबकि दिलशान मदुशंका, मिलन प्रियनाथ रत्नायके और सोनल दिनुशा ने 1-1 विकेट हासिल कर लिया है।

बाबर आजम की कप्तानी में पाकिस्तानी टीम अजान अवैस, तैयब आरिफ, मोहम्मद ताहा, सऊद शकील, सलमान आगा, गाजी गोरी (विकेट कीपर), अराफात मिन्हास, रजाउल्लाह, मोहम्मद अब्बास और साकिब खान के साथ इस मैच में उतरी है।

वहीं, श्रीलंकाई टीम पसिंदु सोरियाबंदरा, लाहिरू उदारा, दिनेश चांडीमल, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा, कुसल मेंडिस (कप्तान/विकेटकीपर), सोनल दिनुषा, मिलन प्रियनाथ रत्नायके, लाहिरु कुमारा, असिथा फर्नांडो और दिलशान मदुशंका के साथ यह मैच खेल रही है।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story