Samachar Nama
×

पीडीआईएल में 153 डिप्लोमा और ग्रेजुएट इंजीनियर पदों पर भर्ती शुरू, 27 जुलाई तक मौका

पीडीआईएल में 153 डिप्लोमा और ग्रेजुएट इंजीनियर पदों पर भर्ती शुरू, 27 जुलाई तक मौका
पीडीआईएल में 153 डिप्लोमा और ग्रेजुएट इंजीनियर पदों पर भर्ती शुरू, 27 जुलाई तक मौका

नई दिल्ली, 9 जुलाई (आईएएनएस)। प्रोजेक्ट्स एंड डेवलपमेंट इंडिया लिमिटेड (पीडीआईएल) ने पूरे देश में स्थित पीडीआईएल के किसी भी ऑफिस या साइट पर अलग-अलग पदों/विषयों के आधार पर योग्य उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर आवेदन मांगे हैं। अभ्यर्थियों की यह नियुक्ति पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर अधिकतम 3 वर्ष की अवधि के लिए होगी।

पीडीआईएल की ओर से जारी 153 रिक्तियों में डिप्लोमा इंजीनियर के 23 और ग्रेजुएट इंजीनियर के 130 पद शामिल हैं। विषय के आधार पर डिप्लोमा इंजीनियर पोस्ट के लिए जारी 23 पदों में सिविल (डिजाइन) के 4, इलेक्ट्रिकल (डिजाइन) के 4, इंस्ट्रूमेंटेशन (डिजाइन) के 2, मैकेनिकल मटीरियल हैंडलिंग (डिजाइन) के 2, मैकेनिकल - पाइपिंग (डिजाइन) के 7, मैकेनिकल - प्रेशर वेसल (डिजाइन) का 1 और प्रोसेस (डिजाइन) के 3 पद शामिल हैं।

विषय के अनुसार ग्रेजुएट इंजीनियर के 130 पदों में सिविल के 10, सिविल (कंस्ट्रक्शन) के 20, कंप्यूटर का 1, इलेक्ट्रिकल के 7, इलेक्ट्रिकल (कंस्ट्रक्शन) के 8, फायर/इंडस्ट्रियल सेफ्टी (कंस्ट्रक्शन) के 6, फायर/इंडस्ट्रियल सेफ्टी (डिजाइन) के 2, ह्यूमन रिसोर्सेज के 3, इंस्ट्रूमेंटेशन के 6, इंस्ट्रूमेंटेशन (कंस्ट्रक्शन) के 5, मैनेजमेंट सर्विसेज के 6, मटीरियल्स मैनेजमेंट के 3, मैकेनिकल कंस्ट्रक्शन के 23, मैकेनिकल मशीनरी के 3, मैकेनिकल मटीरियल हैंडलिंग के 3, मैकेनिकल पाइपिंग के 4, मैकेनिकल - प्रेशर वेसल के 3, प्रोसेस के 9, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के 5 और एसएसपी और क्यूसी ऑडिट के 3 पद शामिल हैं।

इन सभी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 7 जुलाई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 27 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे पीडीआईएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

डिप्लोमा इंजीनियर पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सिविल/इलेक्ट्रिकल/इंस्ट्रूमेंटेशन और कंट्रोल/एप्लाइड इंस्ट्रूमेंटेशन कंट्रोल/इलेक्ट्रॉनिक्स और इंस्ट्रूमेंटेशन/इलेक्ट्रॉनिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन और कंट्रोल/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन/इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन/मैकेनिकल/केमिकल इंजीनियरिंग का डिप्लोमा होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 2 से 8 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

ग्रेजुएट इंजीनियर पदों के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित विषय के अनुसार, सिविल/इलेक्ट्रिकल/मैकेनिकल/केमिकल/केमिकल टेक्नोलॉजी/इंस्ट्रूमेंटेशन और कंट्रोल/एप्लाइड इंस्ट्रूमेंटेशन/इलेक्ट्रॉनिक्स और इंस्ट्रूमेंटेशन/इलेक्ट्रॉनिक्स, इंस्ट्रूमेंटेशन और कंट्रोल/इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन/इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन/प्रोडक्शन/इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री; कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में इंजीनियरिंग डिग्री या एमसीए या इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन के साथ ही कंप्यूटर साइंस/इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में कम से कम एक वर्ष का पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा; साइंस में ग्रेजुएशन/बीएससी/बीटेक/बीई(किसी भी विषय में) साथ ही फायर/इंडस्ट्रियल सेफ्टी में रेगुलर आधार पर एक वर्ष का डिप्लोमा/सर्टिफिकेट; बीटेक/बीई (किसी भी विषय में, लेकिन मैकेनिकल इंजीनियरिंग को प्राथमिकता दी जाएगी) के साथ ही रेगुलर आधार पर फायर/ इंडस्ट्रियल सेफ्टी में एक वर्ष का डिप्लोमा/सर्टिफिकेट; पीएम/एचआर/पीएम और आईआर/लेबर और सोशल वेलफ़ेयर लेबर रिलेशंस (एलएसडब्ल्यू)में पीजी डिग्री/पीजी डिप्लोमा (2 वर्ष का रेगुलर कोर्स) या पीएम और आईआर/एचआर में मेजर के साथ एमबीए (2 वर्ष का रेगुलर कोर्स); इंजीनियरिंग में डिग्री (किसी भी विषय में) या फुल-टाइम रेगुलर एमहीए (मटीरियल्स मैनेजमेंट/सप्लाई चेन मैनेजमेंट) या मटीरियल्स मैनेजमेंट में पीजी डिप्लोमा (2 वर्ष का रेगुलर कोर्स), जिसे यूजीसी/एआईसीटीई द्वारा एमबीए के बराबर माना गया हो; केमिस्ट्री में एमएससी होना चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में 2 से 11 वर्षों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु डिप्लोमा इंजीनियर पदों के लिए 37 से 43 वर्ष और ग्रेजुएट इंजीनियर पोस्ट के लिए 32 से 42 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना 30 जून के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदन पत्रों की शॉर्टलिस्टिंग, व्यक्तिगत साक्षात्कार और दस्तावेजों के सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी संबंधित क्षेत्र में अनुभव के आधार पर डिप्लोमा इंजीनियर पदों के लिए 31,000 से 40,000 रुपए के बीच और ग्रेजुएट इंजीनियर पदों के लिए 47,000 से 71,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी के लिए 800 रुपए और एससी/एसटी/ईडब्ल्यूएस के लिए 400 रुपए तय किया गया है।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Share this story

Tags