पवित्र श्रावण मास की हुई शुरुआत, सीएम योगी और रेखा गुप्ता समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं
नई दिल्ली, 30 जुलाई (आईएएनएस)। देवाधिदेव महादेव की आराधना को समर्पित श्रावण मास गुरुवार से प्रारंभ हुआ है। इस अवसर पर योगी आदित्यनाथ और रेखा गुप्ता समेत कई भाजपा-शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने लोगों को शुभकामनाएं दी हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "भगवान शिव की आराधना और उपासना को समर्पित पावन श्रावण मास आज से प्रारंभ हो रहा है। यह पवित्र काल आत्मिक उन्नयन, संयम और साधना का अनुपम अवसर है। 'कांवड़ यात्रा' में सम्मिलित सभी भोले-भक्तों का हार्दिक अभिनंदन। देवाधिदेव महादेव आप सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें, सभी के जीवन में पुण्य का संचार हो। हर हर महादेव।"
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने श्रावण मास के शुभारंभ पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए लिखा, "श्रावण शिवत्व से जुड़ने का दिव्य अवसर है। यह वह काल है जब श्रद्धा संकल्प बनती है, तप शक्ति बनता है और भक्ति जनकल्याण का मार्ग प्रशस्त करती है। श्रावण में शिवभक्तों की सेवा, स्वयं महादेव की आराधना का माध्यम है। प्रत्येक शिवभक्त श्रद्धालु की कांवड़ यात्रा बिना किसी बाधा के सुरक्षित, सहज और सुगम बने, इसी भाव से दिल्ली सरकार ने कांवड़ शिविरों के सुव्यवस्थित संचालन, पेयजल, चिकित्सा, विश्राम, स्वच्छता, सुगम मार्ग, निर्बाध बिजली तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी श्रद्धा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ सुनिश्चित की हैं।"
उन्होंने लिखा, "बाबा भोलेनाथ की कृपा से सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों, प्रत्येक परिवार पर उनका आशीर्वाद बना रहे और यह पावन श्रावण मास सभी के जीवन में सुख, शांति और मंगल लेकर आए।"
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी प्रदेशवासियों को श्रावण मास की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, "देवाधिदेव महादेव की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली का संचार हो और भोलेनाथ की कृपा सदैव देश और प्रदेश पर बनी रहे, यही मेरी मंगलकामना है।"
राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने पोस्ट किया, "महादेव की उपासना को समर्पित पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ पर आप सभी को हार्दिक बधाई। यह पावन मास आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, आरोग्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करे। भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से सभी के मनोरथ पूर्ण हों तथा प्रदेश और देश निरंतर उन्नति व खुशहाली के पथ पर अग्रसर रहे।"
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लिखा, "महादेव जी के प्रिय श्रावण मास के शुभारंभ की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। भोलेनाथ जी की भक्ति का पावन मास सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लेकर आए, यही प्रार्थना है।"
श्रावण मास के शुभारंभ पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बिहार के सीएम सम्राट चौधरी ने 'एक्स' पोस्ट में कहा, "देवाधिदेव महादेव से प्रार्थना है कि यह पावन मास आप सभी के जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि और आध्यात्मिक चेतना का संचार करे। भगवान भोलेनाथ की असीम कृपा से प्रत्येक परिवार आनंद, समृद्धि और खुशहाली से परिपूर्ण हो तथा हमारा समाज सद्भाव, सेवा और संस्कार के पथ पर निरंतर अग्रसर रहे।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

