Samachar Nama
×

पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने दी जान, ग्रांट रोड स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या

पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने दी जान, ग्रांट रोड स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या
पत्नी की हत्या के बाद आरोपी पति ने दी जान, ग्रांट रोड स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या

नालासोपारा, 7 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नालासोपारा में घरेलू विवाद और पत्नी के चरित्र पर शक के चलते हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पत्नी की हत्या के आरोपी पति ने मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार में कुछ ही घंटों के भीतर हुई इन दो घटनाओं से इलाके में हड़कंप मच गया।

नालासोपारा पुलिस स्टेशन के अनुसार, नालासोपारा पश्चिम स्थित अलफातीफा बिल्डिंग, अमन नगर, टाकीपाड़ा निवासी मजीद हनीफ खान (50) को अपनी पत्नी तबस्सुम मजीद खान के चरित्र पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और मारपीट होती थी।

बताया गया कि तबस्सुम घर में छोटे बच्चों की ट्यूशन क्लास चलाती थीं। बच्चों को छोड़ने और लेने के लिए उनके माता-पिता घर आते थे। इसी बात को लेकर मजीद पत्नी पर संदेह करता था और अक्सर विवाद करता था। दर्ज शिकायत के मुताबिक, 6 नवंबर की रात परिवार ने साथ खाना खाया और देर रात तक टीवी देखा। इसके बाद बेटी हॉल में सोने चली गई, जबकि माता-पिता बेडरूम में थे।

7 नवंबर की सुबह करीब 5 बजे बेटी की नींद खुली तो घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला। बेडरूम में पहुंचने पर उसने मां तबस्सुम को फर्श पर बेसुध हालत में पाया। उनके चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान थे, जबकि पिता घर से गायब थे।

आरोप लगाया कि उसके पिता मजीद खान ने ही मां के चेहरे और गर्दन पर हमला कर उनकी हत्या की और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर नालासोपारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी पति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की।

इसी बीच खबर सामने आई कि आरोपी मजीद हनीफ खान ने मुंबई के ग्रांट रोड रेलवे स्टेशन पर लोकल ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की हत्या के आरोप के बाद पति की आत्महत्या की इस घटना ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया। अब पुलिस दोनों घटनाओं की परिस्थितियों, घटनाक्रम और आपसी संबंधों की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags