पटना पहुंचकर भावुक हुईं रोहिणी आचार्य, बोलीं- पापा-मम्मी के पास आई हूं
पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य पटना पहुंचकर अपने परिवार और दोस्तों के साथ समय बिता रही हैं। पटना आने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि अपने शहर और घर लौटकर उन्हें काफी अच्छा लग रहा है। अपनों के बीच उन्हें भरपूर प्यार मिल रहा है और इस बार उनके पटना आने का मुख्य उद्देश्य अपने माता-पिता के साथ समय बिताना है।
रोहिणी आचार्य ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि उनका पटना आना परिवार और परिचितों के लिए भी खुशी की बात है। अपने शहर में आकर वह सामान्य दिनों की तरह दोस्तों से मिल रही हैं, घूम रही हैं और उनके साथ समय बिता रही हैं। सुबह का समय पिता के साथ बिताती हूं और जब पिता आराम करते हैं, तो दोस्तों से मिलने चली जाती हूं।
लालू प्रसाद यादव के सेहत के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि पापा काफी खुश हैं और उनकी सेहत में काफी सुधार भी दिख रहा है। पहले भी उनका अपने पिता के साथ अच्छा रिश्ता था, लेकिन इस बार उनके बीच बॉन्डिंग और बेहतर हुई है। उन्होंने बताया कि माता-पिता के लिए ही वह इस बार पटना आई हैं और फिलहाल उनके एजेंडे में इसके अलावा कुछ नहीं है।
रोहिणी ने बताया कि जब दोपहर के समय माता-पिता से उन्हें थोड़ा समय मिलता है, तो वह अपने दोस्तों के साथ निकल जाती हैं। दोस्तों के साथ खरीदारी करना और घूमना उनकी दिनचर्या का हिस्सा है। अपनी दिनचर्या के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि सुबह गौशाला जाती हैं और शाम के समय अपने पिता के साथ मरीन ड्राइव भी जाती हैं। इस तरह वह परिवार के साथ समय बिताने के साथ-साथ अपने दोस्तों से भी मिल रही हैं।
रोहिणी आचार्य ने आगे बताया कि वह दिवाली बच्चों के साथ मनाने जाएंगी और इसके बाद छठ के अवसर पर वापस आ जाएंगी। दुर्गा पूजा के मौके पर उन्होंने सभी लोगों को शुभकामनाएं भी दीं। उन्होंने कामना की कि माता रानी सब पर अपनी कृपा बनाए रखें, सभी स्वस्थ रहें और दीर्घायु हों।
--आईएएनएस
पीएसके

