पटना में प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज पर बोले चिराग पासवान, उनकी मांगों को लेकर सीएम से मिलूंगा
पटना, 24 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में चौकीदार दफादार संघ के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज की केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने निंदा करते हुए कहा कि वे खुद उनकी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे।
लोजपा (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए कहा, "पटना में अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे चौकीदार-दफादार साथियों पर लाठीचार्ज की घटना अत्यंत दुखद और निंदनीय है। गांवों की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ रहे इन वफादार कर्मियों की आवाज को बल प्रयोग से दबाना किसी भी संवेदनशील व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।"
उन्होंने इस घटना को अत्यंत गंभीर और चिंताजनक बताते हुए कहा कि चौकीदार-दफादार की समस्याओं तथा उनके साथ हुए व्यवहार को लेकर हमारी पार्टी ने निर्णय लिया है कि सांसद अरुण भारती के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल बिहार के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री से शीघ्र भेंट करेगा। यह प्रतिनिधिमंडल एक विस्तृत ज्ञापन सौंपेगा, जिसमें उनकी उचित मांगों के समाधान, सेवा-संबंधी समस्याओं के स्थायी निराकरण तथा दोषी प्रशासनिक अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग शामिल होगी।
उन्होंने आगे कहा, "मैं स्वयं भी इस विषय पर मुख्यमंत्री से मिलकर चौकीदार-दफादार की आजीविका, सामाजिक सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने का आग्रह करूंगा तथा दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग करूंगा।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सुधार के नाम पर वर्षों से सेवा दे रहे परिवारों की आजीविका और गरिमा से समझौता स्वीकार्य नहीं है। गांवों की सुरक्षा करने वालों का सम्मान और भविष्य सुरक्षित रखना समाज एवं सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बता दें कि दफादार चौकीदार संघ ने सोमवार को अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसी बीच संघ के प्रदर्शनकारियों ने डाकबंगला चौराहे से आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो वे बैरिकेडिंग तोड़कर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर उन्हें हटा दिया।
--आईएएनएस
एमएनपी/डीकेपी

