पटना में सिविल डिफेंस ब्लैकआउट का होगा मॉकड्रिल, प्रशासन ने की सभी लाइटें बंद रखने की अपील
पटना, 12 मई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के शहरी क्षेत्रों में गुरुवार की शाम सात बजे से 7.15 बजे तक सिविल डिफेंस ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन होगा। इसमें हवाई हमले से बचाव के लिए नागरिक सुरक्षा अभ्यास किया जाएगा।
पटना जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय पर अपने घर, दुकान, प्रतिष्ठान आदि की सभी लाइटें बंद रखें। पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों को आपस में सुदृढ़ समन्वय स्थापित कर सिविल डिफेंस ब्लैकआउट मॉकड्रिल की त्रुटिहीन तैयारी करने का निर्देश दिया है।
उन्होंने लोगों से पैनिक नहीं होने की अपील करते हुए कहा कि यह मॉकड्रिल हवाई हमले की वास्तविक स्थिति में तंत्र की प्रभावशीलता के परीक्षण के लिए सरकार के आदेश के आलोक में एक पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है। वास्तविक तौर पर किसी तरह की हमले की स्थिति नहीं है।
उन्होंने लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि हवाई हमला चेतावनी मॉकड्रिल एवं ब्लैकआउट निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी और इसमें राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तंत्र की क्रियाशीलता की जांच की जाएगी। मॉकड्रिल से लोगों के लिए आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि नागरिक सुरक्षा निदेशालय के द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पटना शहरी क्षेत्रों, यथा पटना नगर निगम एवं नगर परिषदों, दानापुर निजामत, खगौल तथा फुलवारीशरीफ में मॉकड्रिल, ब्लैकआउट का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए विभिन्न कोषांग क्रियाशील है जो लॉजिस्टिक, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, वैकल्पिक संचार व्यवस्था, प्रचार-प्रसार, डॉक्यूमेंटेशन आदि कार्यों को देख रहे हैं।
मॉक अभ्यास के लिए पटना जिला में सिमुलेशन स्थलों का चयन किया गया है, जिसमें पटना समाहरणालय, बिस्कोमान भवन, बांकीपुर बस स्टैंड एवं आईजीआईएमएस शामिल हैं। मॉकड्रिल के दौरान सिमुलेशन साइट पर विशिष्ट आपदा परिदृश्य का निर्धारण एवं कार्ययोजना के अनुसार गतिविधियों का संचालन किया जाएगा। पटना समेत राज्य के छह जिलों में हवाई हमला मॉकड्रिल एवं ब्लैकआउट का आयोजन किया जाना है।
उन्होंने बताया कि 14 मई को हवाई हमला होने की चेतावनी प्राप्त होने पर निर्धारित समय पर दो मिनट तक नागरिक सुरक्षा का सायरन बजाया जाएगा। सायरन बजते ही ब्लैकआउट हो जाएगा। फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस, एनसीसी, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, नगर निकाय, सिविल डिफेंस, विधि-व्यवस्था सहित आपदा प्रबंधन तंत्र के विभिन्न स्टेकहोल्डर्स की प्रभावशीलता का परीक्षण किया जाएगा।
--आईएएनएस
एमएनपी/एसके

