Samachar Nama
×

पटना में ब्राह्मण समाज की 15 सूत्री मांगों को लेकर लोकमंच निकालेगा मौन संकल्प पदयात्रा

पटना में ब्राह्मण समाज की 15 सूत्री मांगों को लेकर लोकमंच निकालेगा मौन संकल्प पदयात्रा
पटना में ब्राह्मण समाज की 15 सूत्री मांगों को लेकर लोकमंच निकालेगा मौन संकल्प पदयात्रा

पटना, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। लोकमंच ब्राह्मण समाज की एकजुटता, सम्मान और अधिकारों से जुड़ी 15 सूत्री मांगों को लेकर रविवार को मिलर स्कूल से मौन संकल्प पदयात्रा निकालेगा। इसका नेतृत्व लोकमंच के संस्थापक एवं अध्यक्ष आशीष कुमार उर्फ बब्बू झा करेंगे। इस पदयात्रा के माध्यम से समाज की समस्याओं और चिंताओं को सरकार तक पहुंचाने के साथ लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता पैदा करने का प्रयास किया जाएगा।

पटना में शनिवार को प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए आशीष कुमार ने कहा कि लोकमंच वर्ष 2004 से सामाजिक गोलबंदी और समाज को संगठित करने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। मौन संकल्प पदयात्रा किसी के विरोध में नहीं, बल्कि समाज के मुद्दों को लेकर सरकार के साथ संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं को सामने रखने का लोकतांत्रिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमारा मौन ही हमारा संकल्प है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ब्राह्मण समाज की सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक स्थिति चिंताजनक है। शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, लेकिन आज युवा वर्ग उपेक्षा के कारण हताश है। समाज की इस चिंता को सरकार तक पहुंचाना जरूरी है। पदयात्रा के माध्यम से ब्राह्मण कल्याण बोर्ड के गठन, समाज की सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने, वीर सपूत चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा स्थापित करने और भगवान परशुराम जयंती पर राजकीय अवकाश घोषित करने की मांग की जाएगी।

इसके अलावा सरकार के गठन और राजनीतिक भागीदारी में समाज की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा केंद्र स्तर पर सवर्ण आयोग के गठन की मांग भी उठाई जाएगी। लोकमंच की प्रमुख मांगों में ईडब्ल्यूएस व्यवस्था के तहत विभिन्न परीक्षाओं में अवसर की समानता, नवोदय और केंद्रीय विद्यालयों में नामांकन तथा मेडिकल एवं इंजीनियरिंग की पढ़ाई में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए अवसर बढ़ाना शामिल है।

गरीब अभिभावकों के बच्चों को निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने और गोस्वामी-गिरि समाज को केंद्र एवं राज्य की सेवाओं में समान ईडब्ल्यूएस लाभ देने की मांग भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त आर्थिक रूप से कमजोर लोगों के लिए स्वरोजगार की व्यवस्था, रैयती जमीन से अवैध कब्जा हटाने और भूमिहीन परिवारों को बासगीत पर्चा देने की मांग उठाई जाएगी।

सहरसा में भारती और मंडन मिश्र के नाम पर प्रस्तावित विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना की मांग भी शामिल है। इसका शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा ने किया था। आशीष कुमार ने कहा कि मौन संकल्प पदयात्रा समाज को जोड़ने, नई पीढ़ी में विश्वास जगाने और जायज मांगों के लिए शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आवाज बुलंद करने का अभियान है। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से आए समाज के लोग शामिल होंगे।

--आईएएनएस

एमएनपी/डीकेपी

Share this story

Tags