Samachar Nama
×

पटना में अतिथि भवन का उद्घाटन: नीतीश कुमार के कामों की सराहना, विजय सिन्हा ने दोहराया 'विकसित बिहार' का संकल्प

पटना, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को पटना स्थित विधान परिषद आवास परिसर में नव-निर्मित अतिथि भवन का उद्घाटन किया। इस पर बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि नीतीश कुमार बिहार को बहुत आगे लेकर आए हैं। उनकी देखरेख में प्रदेश और भी आगे तेजी से बढ़ रहा है।

मंत्री श्रवण कुमार ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "बिहार में जब से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री, तब से लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर की दिशा में पहल की है। चाहे प्रखंड का दफ्तर हो या जिला कार्यालय हो, उन्होंने हर ऑफिस को दुरुस्त कराने का काम किया। अपने शासनकाल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के रहने का भी इंतजाम किया। विधान परिषद सदस्यों के लिए भी गेस्ट हाउस बनवाया गया।"

बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने कहा, "यह अपने आप में पूरे देश का पहला अतिथि भवन है, जो विधान परिषद के सदस्यों के लिए बनाया गया है। उनके मेहमान भी यहां ठहर सकते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने खुद यहां आकर इस भवन का उद्घाटन किया है।"

बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा भी अतिथि भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा के स्थापना दिवस पर कहा, "सभी पार्टी के कार्यकर्ताओं को हमारी शुभकामनाएं हैं। साढ़े चार दशक से हमारे जिन लोगों ने त्याग, बलिदान और समर्पण दिया, उनको नमन करता हूं। एकात्म मानववाद के साथ 'एक राष्ट्र-श्रेष्ट राष्ट्र' को आगे बढ़ाते हुए प्रधानमंत्री मोदी का 'सबका साथ-सबका विकास' का भाव हर भारतीय को गौरवान्वित कर रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "साढ़े चार दशक में भाजपा के 'त्याग, बलिदान, संस्कार और संस्कृति के साथ-साथ विकास की गति को बढ़ाया गया है। बिहार को कमजोर और लज्जित करने वाली पार्टियों राजद-कांग्रेस की मानसिकता को यहां की जनता ने गहरी चोट दी है। जनता ने एनडीए को एक बड़ा जनादेश दिया है, जिसका आदेश 'विकसित बिहार', 'स्वाभिमानी बिहार' और 'सम्मानित बिहार' बनाने का है।"

राजद-कांग्रेस को चेतावनी देते हुए विजय सिन्हा ने कहा कि अब बिहार के सम्मान और स्वाभिमान पर कोई भी चोट करेगा, तो बिहारी उसको स्वीकार नहीं करेगा। एनडीए के शासन में यह 'विकसित बिहार' बनेगा और हर क्षेत्र में राज्य आगे बढ़ेगा।

--आईएएनएस

डीसीएच/

Share this story

Tags