Samachar Nama
×

पटना में 1.15 किलो स्मैक के साथ दो महिलाएं समेत तीन गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पटना में 1.15 किलो स्मैक के साथ दो महिलाएं समेत तीन गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पटना में 1.15 किलो स्मैक के साथ दो महिलाएं समेत तीन गिरफ्तार, सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

पटना, 16 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 151 ग्राम स्मैक के साथ दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,715 पुड़िया स्मैक, एक ऑटो और 4,298 रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) संकेत कुमार ने गुरुवार को बताया कि वरीय पुलिस अधीक्षक पटना के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री और तस्करी के खिलाफ लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नेउरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग एक ऑटो से विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर स्मैक की खरीद-बिक्री कर रहे हैं और उनके पास बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मौजूद है।

सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, दानापुर-2 के नेतृत्व में नेउरा थाना और जिला आसूचना इकाई (डीआईयू) की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने मधुपुर पुल के समीप सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान एक संदिग्ध ऑटो को रोककर उसकी तलाशी ली गई। पुलिस के अनुसार, ऑटो में चालक के अलावा दो महिलाएं सवार थीं। उनके पास मौजूद थैले की तलाशी लेने पर काले रंग की पांच पॉलीथिन बरामद हुईं, जिनमें कुल 1,715 पुड़िया स्मैक रखी हुई थी। वजन करने पर इसकी मात्रा 1 किलो 151 ग्राम पाई गई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुद्धा कॉलोनी निवासी रोमा कुमारी और खुशी कुमारी तथा मसौढ़ी निवासी ऑटो चालक मिथिलेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने मादक पदार्थ की ढुलाई में प्रयुक्त ऑटो और 4,298 रुपये नकद भी जब्त कर लिए हैं। संकेत कुमार ने बताया कि नेउरा थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उनके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि स्मैक कहां से लाई गई थी और किन लोगों तक इसकी आपूर्ति की जानी थी। पूछताछ में कुछ अन्य संदिग्धों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पटना पुलिस मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रखे हुए है।

--आईएएनएस

एमएनपी/पीएम

Share this story

Tags