Samachar Nama
×

पटना के शीतला मंदिर के पास छापेमारी में हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस बरामद, दो हिरासत में

पटना के शीतला मंदिर के पास छापेमारी में हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस बरामद, दो हिरासत में
पटना के शीतला मंदिर के पास छापेमारी में हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस बरामद, दो हिरासत में

पटना, 23 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में अगमकुआं थाना क्षेत्र के शीतला माता मंदिर के पास पुलिस ने छापेमारी कर एक जिंदा हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को अगमकुआं थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शीतला मंदिर के पास एक दुकान में कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) पटना और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना सिटी-01 के निर्देशन में अगमकुआं थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। गठित टीम ने सूचना के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शीतला माता मंदिर के पास पुल के नीचे छापेमारी की।

इस दौरान पुलिस को पांच जिंदा कारतूस के साथ एक संदिग्ध हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ। शुरुआती तौर पर पुलिस को आशंका हुई कि बरामद वस्तु हैंड ग्रेनेड है। इसके बाद सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस लाइन के बम स्क्वाड को इसकी जांच के लिए बुलाया गया। पटना सिटी-01 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राज किशोर सिंह ने बुधवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवक अवैध हथियार बेचने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम गठित कर शीतला माता मंदिर के पास पुल के नीचे छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान एक केस में पांच जिंदा कारतूस और हैंड ग्रेनेड जैसा सामान बरामद हुआ।

उन्होंने बताया कि पुलिस लाइन के बम स्क्वाड से जांच कराने पर बरामद वस्तु के जिंदा बम होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए डीजी कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई है। पुलिस की ओर से बम को डिफ्यूज करने की आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एसडीपीओ ने कहा कि इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में अभी तक कोई विशेष जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि मामले की विशेष जांच पूरी होने के बाद ही बरामद हैंड ग्रेनेड और कारतूस के स्रोत तथा इसे रखने के पीछे की वजह के बारे में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल छापेमारी के दौरान हैंड ग्रेनेड और पांच जिंदा कारतूस के अलावा कोई अन्य हथियार या आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं हुआ है। पुलिस हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता या हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क के बारे में भी जांच की जा रही है। पुलिस ने कहा कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके

Share this story

Tags