पटियाला हाउस कोर्ट ने दाऊद के करीबी सलीम डोला को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा
नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। अंतरराष्ट्रीय सरगना दाऊद इब्राहिम के करीबी और ड्रग सिंडिकेट के प्रमुख सदस्य सलीम डोला को पटियाला हाउस कोर्ट ने दो दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया। उसे जज के सामने पेश किया गया था।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने कोर्ट को बताया कि सलीम डोला को मुंबई ले जाना है, क्योंकि इसके खिलाफ मुंबई में केस दर्ज है। तस्कर सलीम डोला को तुर्किए के इस्तांबुल से एक संयुक्त ऑपरेशन के तहत गिरफ्तार कर भारत लाया गया है।
एनसीबी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को तुर्किये से भारत वापस लाया है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही एनसीबी ने उसे अपनी कस्टडी में ले लिया।
बता दें कि सलीम डोला मुंबई का रहने वाला है। वह लंबे समय से भारतीय एजेंसियों की पकड़ से बाहर था। उसके खिलाफ भारत में कई ड्रग तस्करी के मामले दर्ज हैं और वह फरार चल रहा था। मार्च 2024 में भारत के अनुरोध पर इंटरपोल द्वारा उसके खिलाफ रेड नोटिस भी जारी किया गया था।
वहीं, इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) द्वारा तुर्किए से ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को वापस लाने की कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश में ड्रग माफिया और नार्को सिंडिकेट के खिलाफ सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति लगातार जारी है और इस दिशा में एजेंसियां मजबूती से काम कर रही हैं।
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि भारत के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने तुर्किए से कुख्यात ड्रग तस्कर मोहम्मद सलीम डोला को वापस लाने में एक बड़ी सफलता हासिल की है। मोदी सरकार के ड्रग कार्टेल को पूरी तरह से खत्म करने के मिशन के तहत हमारी नार्को रोधी एजेंसियों ने वैश्विक एजेंसियों के एक मजबूत नेटवर्क के जरिए सीमाओं के पार भी अपनी पकड़ बना ली है। अब वे कहीं भी छिप जाएं, ड्रग सरगनाओं के लिए कोई भी जगह सुरक्षित नहीं है।"
--आईएएनएस
डीकेपी/

