Samachar Nama
×

पटियाला में नाबालिग को थप्पड़ मारने पर हंगामा, भाजपा महिला मोर्चा प्रधान ने की सख्त कार्रवाई की मांग

पटियाला में नाबालिग को थप्पड़ मारने पर हंगामा, भाजपा महिला मोर्चा प्रधान ने की सख्त कार्रवाई की मांग
पटियाला में नाबालिग को थप्पड़ मारने पर हंगामा, भाजपा महिला मोर्चा प्रधान ने की सख्त कार्रवाई की मांग

चंडीगढ़, 28 नवंबर (आईएएनएस)। पटियाला के वार्ड नंबर 48 में 15 वर्षीय बच्चे को थप्पड़ मारने के आरोप में भाजपा महिला मोर्चा की प्रधान ने कार्रवाई की मांग की है।

दरअसल, नगर निगम चुनाव के दौरान पटियाला के वार्ड नंबर 48 में एक 15 वर्षीय बच्चे को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। भाजपा महिला मोर्चा की प्रधान ने आम आदमी पार्टी से जुड़े लोगों पर बच्चे के साथ मारपीट करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि एक नाबालिग के साथ इस तरह का व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव में अपनी हार सामने देखकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विवाद किया। बच्चे के साथ जो भी घटना हुई है, उसकी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। इस मामले में उन्होंने पुलिस से भी संपर्क किया है।

वहीं, पटियाला के विधायक अजितपाल सिंह कोहली ने चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर शहरवासियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि पटियाला में बेहद अच्छे और सौहार्दपूर्ण माहौल में मतदान हुआ है। चुनाव के दौरान कोई बड़ी अप्रिय घटना या नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने इसे आम आदमी पार्टी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि शहरवासियों ने आपसी भाईचारे की मिसाल कायम की है।

कोहली ने पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि पटियाला में अलग-अलग समय पर विभिन्न राजनीतिक दलों ने जीत हासिल की है। वर्ष 2002 में महारानी परनीत कौर ने, इसके बाद अकाली दल ने और वर्ष 2017 में फिर महारानी परनीत कौर ने अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई थी। उन्होंने कहा कि इस बार आम आदमी पार्टी ने पटियाला में अपनी मजबूत राजनीतिक स्थिति बनाई है।

भाजपा नेता ढिल्लों की ओर से पुलिस स्टेशन में हुए विवाद को लेकर लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कोहली ने कहा कि पुलिस स्टेशन और मतदान केंद्रों में प्रवेश के लिए निर्धारित नियम हैं। वहां केवल उम्मीदवार या चुनाव से संबंधित अधिकृत व्यक्ति ही जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संभव है कि नियमों को लेकर किसी तरह की गलतफहमी हुई हो।

विधायक ने कहा कि चुनाव से पहले राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप होते रहते हैं, लेकिन मतदान के दौरान सभी को आपसी भाईचारा बनाए रखना चाहिए। उन्होंने अपने करीब 25 वर्षों के राजनीतिक अनुभव का हवाला देते हुए कहा कि पटियाला में उन्होंने इससे बेहतर चुनावी माहौल पहले नहीं देखा। वह अपने बूथ के अलावा भाजपा और कांग्रेस के बूथों पर भी गए और विभिन्न दलों के कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिस्पर्धा लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन चुनाव के बाद सभी को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए। नगर निगम चुनाव के नतीजे आने के बाद जनता का फैसला स्वीकार किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीके/वीसी

Share this story