Samachar Nama
×

इंडिगो फ्लाइट में यात्री ने इमरजेंसी गेट के लीवर से की छेड़छाड़, वीडियो में जाने हवा में बजा अलार्म; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

इंडिगो फ्लाइट में यात्री ने इमरजेंसी गेट के लीवर से की छेड़छाड़, वीडियो में जाने हवा में बजा अलार्म; यात्रियों में मची अफरा-तफरी

दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार रात एक यात्री की हरकत से हड़कंप मच गया। उड़ान के दौरान यात्री ने विमान के इमरजेंसी दरवाजे के लीवर पर लगे कवर से छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद विमान में अलार्म बजने लगा और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के समय विमान हवा में था। हालांकि, क्रू मेंबर्स ने स्थिति को संभाला और विमान को सुरक्षित पुणे पहुंचाया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी यात्री के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E6884 में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी यात्री की पहचान गौरव सत्येंद्र रौतेला के रूप में हुई है। वह पुणे का रहने वाला है और विमान में इमरजेंसी दरवाजे के पास वाली सीट पर बैठा था। फ्लाइट ने सोमवार रात करीब 12:45 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और मंगलवार रात करीब 2 बजे पुणे पहुंची।

टेकऑफ के कुछ देर बाद इमरजेंसी लीवर से छेड़छाड़

पुलिस के अनुसार, विमान के टेकऑफ करने के कुछ समय बाद गौरव रौतेला ने अपनी सीट के पास स्थित इमरजेंसी दरवाजे के लीवर पर लगे कवर से छेड़छाड़ की। उसकी इस हरकत के कारण विमान का अलार्म सक्रिय हो गया। अचानक अलार्म बजने से यात्रियों को लगा कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी समस्या आ गई है।इमरजेंसी गेट से जुड़ा अलार्म बजने के बाद विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स सतर्क हो गए। उन्होंने स्थिति की जानकारी ली और सुरक्षा से जुड़े जरूरी कदम उठाए। विमान में इस तरह की घटना को गंभीर माना जाता है, क्योंकि उड़ान के दौरान इमरजेंसी दरवाजे के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा पैदा कर सकती है।

क्रू मेंबर की शिकायत पर यात्री के खिलाफ केस दर्ज

पुणे पहुंचने के बाद क्रू मेंबर की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी यात्री के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने उसे नोटिस भी जारी किया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही या उतावलेपन में ऐसा काम करने से संबंधित धाराएं लगाई हैं, जिससे किसी व्यक्ति की जान या निजी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। इसके अलावा उसके खिलाफ एयरक्राफ्ट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है।

विमान में सुरक्षा से खिलवाड़ करना गंभीर अपराध

विमान में इमरजेंसी दरवाजे और उससे जुड़े उपकरण यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। उड़ान के दौरान इन उपकरणों के साथ छेड़छाड़ करने से गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। इमरजेंसी गेट का इस्तेमाल केवल निर्धारित आपात परिस्थितियों में और क्रू मेंबर्स के निर्देशों के अनुसार ही किया जाता है।फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यात्री ने किस वजह से इमरजेंसी लीवर के कवर के साथ छेड़छाड़ की थी। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। राहत की बात यह रही कि घटना के बावजूद विमान सुरक्षित पुणे पहुंच गया और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।

Share this story

Tags