Samachar Nama
×

पश्चिम बंगाल से अपहृत नाबालिग लड़की का नोएडा में रेस्क्यू, आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 2 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मानव तस्करी और अपहरण के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पश्चिम बंगाल से अपहृत एक नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है।
पश्चिम बंगाल से अपहृत नाबालिग लड़की का नोएडा में रेस्क्यू, आरोपी गिरफ्तार

नोएडा, 2 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मानव तस्करी और अपहरण के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए पश्चिम बंगाल से अपहृत एक नाबालिग लड़की को सकुशल बरामद कर लिया है।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं प्रभारी डीसीपी महिला सुरक्षा के पर्यवेक्षण में थाना एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग और मिशन मुक्ति फाउंडेशन, दिल्ली की संयुक्त टीम द्वारा की गई।

पुलिस के अनुसार, 1 जून को थाना एएचटी और मिशन मुक्ति फाउंडेशन को सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल की एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की का अपहरण कर उसे नोएडा क्षेत्र में लाकर रखा गया है। इस संबंध में थाना हरिरामपुर, जिला दक्षिण दिनाजपुर (पश्चिम बंगाल) में मुकदमा विभिन्न धाराओं में दर्ज किया गया था।

सूचना मिलते ही थाना एएचटी, मिशन मुक्ति फाउंडेशन और पश्चिम बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान टीम गांव इटैडा, थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंची और स्थानीय लोगों को लड़की की तस्वीर दिखाकर पूछताछ की। स्थानीय निवासियों ने बताया कि उक्त लड़की एक व्यक्ति के साथ इलाके में रह रही है और पास की एक सोसायटी में साफ-सफाई का कार्य करती है।

इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम तत्काल संबंधित सोसाइटी पहुंची, जहां नाबालिग लड़की और उसके साथ रहने वाला आरोपी सफाई कार्य करते हुए मिले। इसके बाद पुलिस ने महिला आयोग के दिशा-निर्देशों और कानूनी प्रक्रियाओं का पूर्ण पालन करते हुए लड़की को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और आगे की कार्रवाई के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पश्चिम बंगाल पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर संबंधित न्यायालय में पेश करेगी। वहीं, नाबालिग लड़की का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) गौतमबुद्धनगर के समक्ष प्रस्तुत किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद लड़की को पश्चिम बंगाल पुलिस के संरक्षण में सौंप दिया गया।

आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी

Share this story

Tags