Samachar Nama
×

पश्चिम बंगाल: राज्यपाल के नाम पर फर्जी कॉल को लेकर लोक भवन ने किया आगाह, तस्वीर के अनधिकृत इस्तेमाल पर भी सख्ती

पश्चिम बंगाल: राज्यपाल के नाम पर फर्जी कॉल को लेकर लोक भवन ने किया आगाह, तस्वीर के अनधिकृत इस्तेमाल पर भी सख्ती
पश्चिम बंगाल: राज्यपाल के नाम पर फर्जी कॉल को लेकर लोक भवन ने किया आगाह, तस्वीर के अनधिकृत इस्तेमाल पर भी सख्ती

कोलकाता, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के लोक भवन ने राज्यपाल के नाम पर किए जा रहे फर्जी फोन कॉल और उनकी तस्वीर के अनधिकृत इस्तेमाल को गंभीरता से लिया है। लोक भवन ने सरकारी अधिकारियों, संगठनों और आम लोगों के लिए एडवाइजरी जारी कर संदिग्ध कॉल या संदेश मिलने पर सावधानी बरतने और उसकी सत्यता की जांच करने की सलाह दी है।

लोक भवन के मुताबिक, उसके संज्ञान में आया है कि कुछ लोग फोन पर खुद को राज्यपाल बताकर या लोक भवन से जुड़े होने का झूठा दावा कर रहे हैं।

हाल ही में मोबाइल नंबर 9836205162 और 9836874913 से इस तरह के कॉल किए जाने की जानकारी सामने आई। इनमें से एक कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को गवर्नर हाउस का 'आकाश सिंह' बताया, जबकि दूसरे ने खुद को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बताया।

लोक भवन ने स्पष्ट किया है कि आकाश सिंह नाम का कोई व्यक्ति लोक भवन में कार्यरत नहीं है।

एक अन्य मामले में पश्चिम बंगाल के राज्यपाल की तस्वीर का उनकी सहमति या अनुमति के बिना एक कार्यक्रम की प्रचार सामग्री में इस्तेमाल किया गया। यह कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जाना प्रस्तावित था।

लोक भवन ने इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों से घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करने और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई करने को कहा गया है।

राज्यपाल की तस्वीर के अनधिकृत इस्तेमाल के मामले में लोक भवन ने संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई रिपोर्ट भी मांगी है।

लोक भवन ने सरकारी अधिकारियों, विभिन्न संगठनों और आम जनता से कहा कि राज्यपाल या लोक भवन के नाम से आने वाले किसी भी अनचाहे या संदिग्ध फोन कॉल, संदेश अथवा दावे पर उसकी सत्यता की पुष्टि किए बिना भरोसा न करें और न ही उसके आधार पर कोई कदम उठाएं।

एडवाइजरी में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उचित अनुमति के बिना किसी कार्यक्रम या प्रचार के लिए राज्यपाल के नाम, तस्वीर या पदनाम का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।

लोक भवन ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें राज्यपाल या लोक भवन के नाम से ऐसा कोई संदिग्ध संदेश या कॉल मिलता है, अथवा राज्यपाल के नाम, तस्वीर या पदनाम के अनधिकृत इस्तेमाल की जानकारी मिलती है, तो इसकी सूचना तत्काल आधिकारिक माध्यमों से दी जाए।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी

Share this story

Tags