पश्चिम बंगाल में सार्वजनिक परिवहन को मिलेगा नया विस्तार, 'यात्री साथी' और भारत टैक्सी के बीच हुई साझेदारी
कोलकाता, 19 जुलाई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने रविवार को बताया कि राज्य में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और अधिक सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग ने डिजिटल मोबिलिटी प्लेटफॉर्म 'यात्री साथी' को और बेहतर बनाने के लिए 'सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड (भारत टैक्सी)' के साथ साझेदारी की है।
सुवेंदु अधिकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके बताया कि इस समझौते का उद्देश्य तकनीक के माध्यम से यात्रियों को बेहतर और अधिक सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना है। इस सहयोग के तहत दोनों प्लेटफॉर्म के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को सेवाओं तक आसान पहुंच मिल सकेगी।
उन्होंने बताया कि इस पहल के तहत 'को-ब्रांडिंग' और 'प्लेटफॉर्म इंटरऑपरेबिलिटी' पर विशेष जोर दिया जाएगा। इससे 'यात्री साथी' और 'भारत टैक्सी' के फीचर्स को एक साथ जोड़कर उपयोगकर्ताओं को अधिक विकल्प और बेहतर अनुभव देने की कोशिश की जाएगी।
इस समझौते का एक प्रमुख उद्देश्य ड्राइवरों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण को बढ़ावा देना भी है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि इसके तहत 'यात्री साथी' से जुड़े पात्र ड्राइवरों को सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव की सदस्यता और उससे जुड़ी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा। इससे ड्राइवरों की सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा मजबूत होने की उम्मीद है।
उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस परियोजना का विस्तार किया जाएगा। इसके तहत केवल टैक्सी सेवाओं तक ही सीमित न रहकर बाइक टैक्सी और ऑटो-रिक्शा जैसी अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को भी इस डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने की योजना है। इससे राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोगों को एकीकृत और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं मिल सकेंगी।
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि तकनीक के बेहतर उपयोग के जरिए पश्चिम बंगाल में एक अधिक कुशल, समावेशी और भरोसेमंद परिवहन नेटवर्क विकसित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है। उनका कहना है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म के विस्तार से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और ड्राइवरों के लिए भी नए अवसर पैदा होंगे।
--आईएएनएस
एससीएच/वीसी

