Samachar Nama
×

पश्चिम बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल है: मैथिली ठाकुर

पटना, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच बिहार से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने बंगाल में कई सभाओं को संबोधित किया।
पश्चिम बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल है: मैथिली ठाकुर

पटना, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इस बीच बिहार से भाजपा विधायक मैथिली ठाकुर ने बंगाल में कई सभाओं को संबोधित किया।

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करने के बाद लौटीं मैथिली ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल है।

पटना में भाजपा विधायक ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा के पक्ष में माहौल बहुत अच्छा है और लोगों का स्नेह उनकी आंखों में साफ दिखाई देता है।

मैथिली ठाकुर ने बताया कि मैंने वहां कई चुनावी सभाओं को संबोधित किया। लोगों में उत्साह है, और वे भाजपा की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण मिलना था, लेकिन विपक्षी दलों ने उनके दिलों को तोड़ दिया।

इस मुद्दे पर देशभर में भाजपा के विरोध प्रदर्शनों का जिक्र करते हुए उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण की बात रखी। उन्होंने कहा कि हर कोई महिला सशक्तिकरण की बात करता है, लेकिन जब उनके हक की बात आई तो विपक्ष ने वह अवसर महिलाओं से छीन लिया, जो कि बेहद निराशाजनक है।

श्रवण कुमार को जनता दल (यूनाइटेड) के विधायक दल का नेता चुने जाने पर मैथिली ठाकुर ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्रवण कुमार बहुत अच्छे व्यक्ति हैं। उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पश्चिम बंगाल में झालमुड़ी खरीदकर खाते हुए वायरल वीडियो पर सवाल उठाए जाने पर मैथिली ठाकुर ने कहा कि बहुत लोग तरह-तरह की बातें कर रहे हैं, लेकिन यह प्रधानमंत्री मोदी की खासियत है जो उन्हें दूसरों से अलग बनाती है। उन्हें देखकर कई लोग उनके फैन हो गए हैं।

बता दें कि पश्चिम बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरण में मतदान कराए जाएंगे। मतदान संपन्न होने के बाद 4 मई को परिणाम घोषित किया जाएगा।

--आईएएनएस

डीकेएम/डीकेपी

Share this story

Tags