Samachar Nama
×

पश्चिम बंगाल: बांग्लादेश बॉर्डर के पास पहुंचे कई घुसपैठिए, सांसद खागेन मुर्मू बोले-होल्डिंग सेंटर में भेजे जाएंगे अवैध प्रवासी

सिलीगुड़ी, 26 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित हकीमपुर चेक पोस्ट के पास अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के जमा होने और होल्डिंग सेंटरों को लेकर भाजपा सांसद खागेन मुर्मू की प्रतिक्रिया सामने आई है।
पश्चिम बंगाल: बांग्लादेश बॉर्डर के पास पहुंचे कई घुसपैठिए, सांसद खागेन मुर्मू बोले-होल्डिंग सेंटर में भेजे जाएंगे अवैध प्रवासी

सिलीगुड़ी, 26 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में स्थित हकीमपुर चेक पोस्ट के पास अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के जमा होने और होल्डिंग सेंटरों को लेकर भाजपा सांसद खागेन मुर्मू की प्रतिक्रिया सामने आई है।

आईएएनएस से बातचीत में खागेन मुर्मू ने कहा कि हर जगह होल्डिंग सेंटर बनाया गया है। अवैध रूप से रहने वाले सभी लोगों को होल्डिंग सेंटर में भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के इस निर्णय के लिए धन्यवाद करता हूं। फेंसिंग को लेकर उन्होंने कहा कि टीएमसी की सरकार जमीन नहीं दे रही थी। अब बंगाल सरकार ने केंद्र सरकार को जमीन दे दी है। बांग्लादेश सीमा पर जल्द से जल्द फेंसिंग का काम शुरू हो जाएगा।

नौ लोगों को होल्डिंग सेंटर में रखे जाने को लेकर खागेन मुर्मू ने कहा कि और लोग भी हो सकते हैं। यहां जितने भी घुसपैठिए छिपे हैं, सबको पकड़ा जाएगा। उनको ढूंढकर होल्डिंग सेंटर में रखा जाएगा। इसके बाद सरकार तय करेगी कि इनको कहां भिजवाना है।

उन्होंने कहा कि जो टीएमसी का झंडा लेकर चला, अब सरकार बदलने पर भाजपा का झंडा लेकर चल रहा है, इनका कुछ नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि फेंसिंग हो जाने से घुसपैठियों पर लगाम लग जाएगी।

वापस जाने के लिए उत्तर 24 परगना सीमा पर पहुंचे एक घुसपैठिए ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि हम पिछले चार साल से इस इलाके में रह रहे थे और राजमिस्त्री का काम कर रहे थे। एनआरसी शुरू हो गया है और हमारे पास कोई सबूत नहीं है। यह हमारे यहां आने के बाद ही शुरू हुआ। अगर हम यहां नहीं रह सकते तो फिर हम और क्या कर सकते हैं?

एक और घुसपैठिए ने आईएएनएस से कहा कि हम पांच साल पहले आए थे और दमदम में राजमिस्त्री का काम करते हुए रह रहे थे। अगर यहां की सरकार हमें रहने की अनुमति नहीं देती है, तो हम वापस लौट जाएंगे।

पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से रह रहे 100 से अधिक बांग्लादेशी नागरिक बांग्लादेश लौटने के लिए उत्तर 24 परगना स्थित हकीमपुर चेक पोस्ट पर जमा हुए। बताया जा रहा है कि यह जमावड़ा पहचाने गए अवैध प्रवासियों से संबंधित एक निर्देश के बाद हुआ।

मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने हाल ही में कहा था कि अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों की पहचान कर उन्हें पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए, जिसके बाद बीएसएफ उनकी वापसी में मदद करेगी।

--आईएएनएस

एसडी/वीसी

Share this story

Tags