'पश्चिम बंगाल और असम में कमल खिलने को तैयार', भाजपा के बेहतर प्रदर्शन पर मुख्यमंत्रियों की प्रतिक्रिया
नई दिल्ली, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल और असम में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बंपर जीत की ओर आगे बढ़ रही है। रुझान में भाजपा बंगाल में सीएम ममता बनर्जी का किला ध्वस्त करती हुई दिखाई दे रही है। वहीं, दोनों राज्यों में भाजपा के बेहतर प्रदर्शन पर मुख्यमंत्रियों की प्रतिक्रिया सामने आई है।
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है। पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा-एनडीए गठबंधन की सरकार बनना इसी असीम विश्वास का प्रतिफल है। जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री के 'नए भारत-विकसित भारत' के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक विजय हेतु पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं व विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई। सुशासन एवं राष्ट्रवाद को अपना बहुमूल्य आशीर्वाद प्रदान करने वाली जनता-जनार्दन का हृदय से आभार एवं अभिनंदन।
बता दें कि पश्चिम बंगाल में सीएम योगी ने जहां-जहां चुनाव प्रचार या रोड शो किया, उन विधानसभा सीटों में ज्यादातर पर भाजपा उम्मीदवार लीड कर रहे हैं।
वहीं, सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, "बंगाल ने चुनी विकास की रफ्तार, खिला कमल, बनेगी डबल इंजन सरकार।” पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय पर पश्चिम बंगाल की देवतुल्य जनता व भाजपा के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। निश्चित रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की दृढ़ प्रतिबद्धता का यह परिणाम है कि बंगाल के हमारे भाई-बहनों ने भय, तुष्टिकरण और अव्यवस्था को तिलांजलि देते हुए विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। यह विजय प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भाजपा की जनकल्याणकारी नीतियों, सुशासन, सुरक्षा की गारंटी और अंत्योदय के संकल्प पर जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है, जो आज पूरे राष्ट्र में विकास की गंगा को अविरल रूप से प्रवाहित कर रहा है।"
उन्होंने अगले पोस्ट में लिखा, "विकास और विश्वास ने रचा इतिहास, असम में लगातार तीसरी बार खिला कमल।" असम विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड विजय पर असम की देवतुल्य जनता व भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के प्रभावी सुशासन तथा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के संगठनात्मक समर्पण ने डबल इंजन सरकार के प्रति जनता के विश्वास को और मजबूत किया है। असम की जनता ने फिर एक बार तुष्टिकरण और अस्थिरता को नकारते हुए विकास, सुरक्षा, सांस्कृतिक अस्मिता और राष्ट्रहित को अपना स्पष्ट जनादेश दिया है।"
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का हर राज्य हो रहा है भगवामय। असम की हैट्रिक जीत के साथ बंगाल में भी आ गई भाजपा सरकार। प्रचंड जीत की हार्दिक बधाई। ‘जीत का जश्न, झालमुड़ी और रसोगुल्ला के संग’।
--आईएएनएस
एसके/डीकेपी

