Samachar Nama
×

पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में तोड़फोड़ और रंगदारी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो : संतू पान

पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में तोड़फोड़ और रंगदारी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो : संतू पान
पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में तोड़फोड़ और रंगदारी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो : संतू पान

हुगली, 10 अगस्त (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर में एक कारोबारी के साथ कथित तौर पर मारपीट, दुकान में तोड़फोड़ और जबरन वसूली की मांग के मामले ने तूल पकड़ लिया है। भाजपा विधायक संतू पान ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से मामले में नामजद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

भाजपा विधायक ने घटना को बेहद शर्मनाक और दर्दनाक बताते हुए कहा कि तारकेश्वर देवाधिदेव महादेव की नगरी है और राज्य में रामराज की स्थापना की बात कही जा रही है। ऐसे में किसी कारोबारी से कथित तौर पर रंगदारी मांगना और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट तथा दुकान में तोड़फोड़ करना गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों ने एक कारोबारी से कथित तौर पर हफ्ता यानी रंगदारी की मांग की। कारोबारी किसी राजनीतिक दल से जुड़ा हो या न हो, वह पहले एक कारोबारी है और उसके साथ इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। कारोबारी ने कथित रंगदारी देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दो लोगों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और दुकान में तोड़फोड़ की। घटना के दौरान दुकान में काम करने वाला एक कर्मचारी भी घायल हुआ।

विधायक ने कहा कि इस तरह की कथित तोलाबाजी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। भाजपा का स्पष्ट रुख है कि राज्य में रंगदारी और कटमनी की राजनीति नहीं चलनी चाहिए। उन्होंने सोमवार को तारकेश्वर जाने के दौरान इलाके की स्थिति का जायजा लिया। इसी दौरान उनकी मुलाकात कथित पीड़ित कारोबारी से हुई। घटना को लेकर कारोबारी काफी परेशान और दुखी था। जब उन्होंने कारोबारी से पूछा कि इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद पुलिस में शिकायत क्यों नहीं की गई, तो उसने डर का हवाला दिया। कारोबारी ने कहा कि पहले शिकायत करने के बाद भी मारपीट की जाती थी, इसलिए वह शिकायत करने से डर रहा था। इसके बाद विधायक ने उसे पुलिस में शिकायत करने के लिए कहा। उन्होंने मौके पर पुलिस को बुलाया और कारोबारी की शिकायत दर्ज कराई।

भाजपा विधायक ने कहा कि उन्होंने कैमरे के सामने पुलिस से दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। यदि किसी व्यक्ति ने कानून अपने हाथ में लिया है, कारोबारी के साथ मारपीट की है और उसकी दुकान में तोड़फोड़ की है, तो उसके खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। मामले में आरोपी बनाए गए दोनों लोगों के खिलाफ कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और कारोबारियों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

संतू पान ने कहा कि भाजपा नेतृत्व लगातार यह स्पष्ट करता रहा है कि राज्य में रंगदारी और कटमनी की संस्कृति को खत्म किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के प्रदेश नेतृत्व तक ने सार्वजनिक रूप से यह बात कही है कि किसी भी कारोबारी या आम नागरिक से जबरन पैसे की मांग नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पार्टी नेतृत्व की ओर से स्पष्ट संदेश दिया जा चुका है कि तोलाबाजी और कटमनी नहीं चलेगी, तब भी ऐसी घटनाओं का सामने आना बेहद शर्मनाक है।

विधायक ने कहा कि राजनीतिक विचारधारा अलग होना किसी कारोबारी के खिलाफ हिंसा या जबरन वसूली को सही नहीं ठहरा सकता। उन्होंने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

--आईएएनएस

पीएसके/एबीएम

Share this story