पश्चिम बंगाल एनकाउंटर पर नाजिया इलाही खान बोलीं, पुलिस पर गोली चलेगी तो कार्रवाई होगी
कोलकाता, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता नाजिया इलाही खान ने पश्चिम बंगाल में पुलिस एनकाउंटर और हिंदू त्योहारों को लेकर जारी राजनीतिक विवाद पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि यदि कोई आरोपी पुलिस पर गोली चलाता है या भागने की कोशिश करता है, तो पुलिस कानून के तहत अपना काम करेगी। वहीं, छठ पूजा को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की टिप्पणियों पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और कहा कि भारत में सभी हिंदू अपने त्योहार पूरे उत्साह से मनाएंगे।
पश्चिम बंगाल में हो रहे पुलिस एनकाउंटर को लेकर नाजिया इलाही खान ने कहा कि पुलिस को जरूरत पड़ने पर पांच नहीं, बल्कि पांच हजार एनकाउंटर करने पड़ें तो वह कानून के अनुसार कार्रवाई करेगी। उन्होंने एक आरोपी का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसके खिलाफ 36 आपराधिक मामले दर्ज थे। यदि कोई आरोपी पुलिस पर गोली चलाता है या पुलिसकर्मियों की हत्या करने की कोशिश करता है तो पुलिस मूकदर्शक नहीं बनी रह सकती।
नाजिया ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल पुलिस कानून-व्यवस्था संभालने और संवैधानिक जिम्मेदारियों के अनुसार काम करने की कोशिश कर रही है। वामपंथी शासन के दौरान पुलिस कैडर की तरह काम करती थी और ममता बनर्जी की सरकार में पुलिस तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता की तरह व्यवहार करती थी। राज्य में गुंडों, माफिया और अपराधियों के लिए जगह नहीं होनी चाहिए। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि एनकाउंटर कानूनी तरीके से ही होना चाहिए। यदि कोई आरोपी पुलिस पर गोली चलाता है या भागने का प्रयास करता है, तो पुलिस कानून-व्यवस्था के अनुसार कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि जिन्हें ऐसी कार्रवाई पर आपत्ति है, वे आरोपियों के वकील बनकर अपना पक्ष रख सकते हैं।
हिंदू त्योहारों को लेकर तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की टिप्पणियों पर नाजिया इलाही खान ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि टीएमसी नेताओं को छठ पूजा और करवा चौथ से परेशानी क्यों है। उन्होंने कल्याण बनर्जी और अभिषेक बनर्जी का नाम लेते हुए कहा कि एक को छठ पूजा से और दूसरे को करवाचौथ से समस्या है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को क्रिसमस, ईद की नमाज, बकरीद या ईद मिलादुन्नबी से कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने बंगाली और बिहारी समुदाय के बीच विवाद पैदा करने की कोशिश नहीं करने की अपील की। खान ने कहा कि भाजपा की सरकार सबके विकास, प्रयास और विश्वास की बात करती है।
नाजिया ने बताया कि उन्होंने खुद बड़े बाजार और गंगा घाट पर छठ पूजा मनाई और कई आयोजनों में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि भारत में छठ पूजा, करवा चौथ और दिवाली सहित सभी हिंदू त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाए जाएंगे। किसी भी समुदाय के त्योहारों को लेकर अभद्र टिप्पणी नहीं की जानी चाहिए और हर व्यक्ति को अपनी परंपरा तथा आस्था के अनुसार उत्सव मनाने का अधिकार है।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी

