Samachar Nama
×

पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की बड़ी जीत, यूपी ‘मिशन 2027’ को मिलेगी नई ऊर्जा: पंकज चौधरी

लखनऊ, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की बड़ी जीत, यूपी ‘मिशन 2027’ को मिलेगी नई ऊर्जा: पंकज चौधरी

लखनऊ, 4 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को मिली जीत पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।

पंकज चौधरी ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की बड़ी जीत, यूपी ‘मिशन 2027’ को नई ऊर्जा मिलेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को देते हुए कहा कि यह परिणाम देश में विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति की जीत है।

उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक भाजपा को मां गंगा और जनता जनार्दन का आशीर्वाद मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस का ‘भय’ परास्त हुआ है और प्रधानमंत्री का ‘भरोसा’ विजयी हुआ है, जबकि असम में विकास की हैट्रिक ने यह सिद्ध कर दिया है कि जनता अब प्रदर्शन आधारित राजनीति को प्राथमिकता दे रही है। उनके अनुसार, पूर्वी भारत से उठी यह लहर उत्तर प्रदेश के ‘मिशन 2027’ को नई ऊर्जा प्रदान करेगी।

पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि वर्ष भर जनता की सेवा में समर्पित रहते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का लक्ष्य डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को शत-प्रतिशत धरातल तक पहुंचाना है। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को लगातार बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह स्वयं प्रदेश का दौरा कर जमीनी स्थिति और कार्यकर्ताओं के उत्साह का आकलन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “बंगाल और असम का यह परिणाम केवल शुरुआत है, उत्तर प्रदेश 2027 में सुशासन की हैट्रिक के साथ पूरी तस्वीर सामने आएगी।” इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने भी पश्चिम बंगाल, असम एवं पुडुचेरी में पार्टी की जीत पर बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम राष्ट्रवाद और विकास के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने देशभर में जनसेवा और पारदर्शी शासन का जो मॉडल प्रस्तुत किया है, उसी के आधार पर जनता ने एक बार फिर पार्टी को समर्थन दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि पार्टी आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता की सेवा करती रहेगी और संगठनात्मक रूप से और सशक्त होकर आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करेगी।

-- आईएएनएस

विकेटी/एएमटी

Share this story

Tags