पश्चिम बंगाल: उपचुनाव पर दिलीप घोष बोले, 'जनता का समर्थन भाजपा को, विपक्ष के पास उम्मीदवार ही नहीं'
कूचबिहार, 20 सितंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने दो सीटों पर उपचुनाव और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) में अंतर्कलह पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने उपचुनाव में जीत का दावा करते हुए कहा कि जनता का समर्थन भाजपा को मिल रहा है। साथ ही, दिलीप घोष ने कहा कि विपक्ष के पास उम्मीदवार नहीं हैं। वे सिर्फ आरोप लगा रहे हैं, लेकिन इससे कुछ हासिल नहीं होगा।
मंत्री दिलीप घोष ने रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए उपचुनाव पर कहा, "दो सीटों (नंदीग्राम और रेजीनगर) पर उपचुनाव हो रहे हैं। यह कोई बहुत बड़ी बात नहीं है। चुनाव शांतिपूर्ण और खुले माहौल में होंगे। जिस तरह से यहां के लोगों ने चुनावों में भाजपा का समर्थन किया है, वैसा ही अगले चुनाव में भी होगा।"
उन्होंने कहा कि आज पश्चिम बंगाल में विपक्ष कहां है, इसका पता नहीं चल पा रहा है। उनके पास तो कोई उम्मीदवार भी नहीं है। वे बस आरोप लगा रहे हैं, लेकिन इससे कुछ हासिल नहीं होता। चुनाव में लड़ना पड़ता है।
नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान की गिरफ्तारी पर मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "उन्होंने असामाजिक तत्वों को साथ लेकर पार्टी चलाई और लोगों का जीवन मुश्किल बना दिया। जब लोगों को मौका मिला, तो उन्होंने उन्हें हटा दिया। अभी भी वे असामाजिक तत्वों को शामिल करके वही राजनीति कर रहे हैं, इसलिए कानून अपना काम कर रहा है।"
तृणमूल कांग्रेस का नाम और चुनाव चिह्न फ्रीज करने के चुनाव आयोग के फैसले के खिलाफ पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सुप्रीम कोर्ट जाने पर दिलीप घोष ने कहा, "उनकी बाकी जिंदगी अदालतों के चक्कर लगाने में ही बीतेगी। उन्हें किसने रोका है? हाई कोर्ट जाएं, सुप्रीम कोर्ट जाएं, यूएन जाएं। आपका अपना उम्मीदवार ही भागकर आपको छोड़ देता है। इसमें आप सरकार की बात क्यों कर रही हैं?"
दिलीप घोष रविवार को कूचबिहार में स्थानीय लोगों के बीच पहुंचे। मॉर्निंग वॉक के दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात की और उनके साथ चर्चा की।
--आईएएनएस
डीसीएच/

