'परिसीमन वोटों के लिए, प्रतिनिधित्व के लिए नहीं', भाजपा पर कांग्रेस सांसद ने साधा निशाना
नई दिल्ली, 2 अगस्त (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के परिसीमन का विरोध किए जाने पर कांग्रेस नेताओं ने समर्थन किया है। सुखदेव भगत ने कहा कि प्रतिनिधित्व के नजरिए से, बल्कि भाजपा सरकार जानबूझकर इसे वोटों के नजरिए से कर रही है।
राहुल गांधी ने शनिवार को सभी दलों से संसद में केंद्र सरकार के परिसीमन विधेयक को पारित करने के प्रयास को विफल करने का आह्वान किया था। इस पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "निश्चित रूप से, जिस तरह से जनसंख्या के हिसाब से चीजें संतुलित नहीं हो रही हैं और अगर मैं अपनी निजी राय बताऊं तो मैं परिसीमन के खिलाफ हूं। मैं इसीलिए इसके खिलाफ हूं, क्योंकि असम में जिस तरह से यह किया गया है। वहां भाजपा की सरकार है और वे जानबूझकर इसे वोटों के नजरिए से कर रहे हैं, न कि प्रतिनिधित्व के नजरिए से।
उन्होंने कहा, "अगर हम आज संसद में मौजूद 543 सदस्यों को देखें, तो मुझे लगता है कि हमारे कई लोगों को पूरी तरह से भागीदारी का मौका भी नहीं मिलता। हम संसद के अंदर बस एक छोटा सा हिस्सा बनकर रह जाते हैं। क्या संख्या बढ़ाने के बाद उन्हें औचित्य मिल पाएगा। संख्याबल नहीं बढ़ाया जाना चाहिए, बल्कि संसद की गरिमा के अनुरूप एक सार्थक चर्चा और बहस हो, वो महत्वपूर्ण है।"
इसी बीच, कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत के शानदार प्रदर्शन पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, "निश्चित रूप से सभी बधाई के पात्र हैं। जब हमारे खिलाड़ी वहां इस तरह का प्रदर्शन करते हैं तो हमें गर्व महसूस होता है। तब हमें खुशी होती है और हम उन्हें बधाई देते हैं।"
नीट पेपर लीक मामले की सुनवाई कर रहे दिल्ली हाईकोर्ट के जज के तबादले पर कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा, "ऐसे कदमों से हमेशा अविश्वास और शक पैदा होता है।"
कुलगाम हमले के बाद सरकारों पर महबूबा मुफ्ती के आरोपों को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा, "यह सामान्य बात नहीं है। इसमें कहीं न कहीं सीमा पार से जुड़ी घटनाएं हो रही हैं। पहलगाम की घटना के बाद भी अगर ऐसी घटना हो रही है, और उसी समय अमरनाथ यात्रा भी चल रही है, तो मेरा मानना है कि राज्य सरकार और केंद्र सरकार दोनों की यह जिम्मेदारी है कि वे देखें कि कहां चूक हुई है या कहां कमी रह गई है। आरोप-प्रत्यारोप से अधिक जरूरी नागरिकों की सुरक्षा है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

