परिसीमन विधेयक पर प्रतिक्रिया से पहले प्रावधानों को देखना जरूरी : बीजेडी
नई दिल्ली, 27 नवंबर (आईएएनएस)। महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। संसद के विशेष सत्र और केंद्र सरकार की संभावित रणनीति पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। बीजू जनता दल (बीजेडी) ने विधेयक के प्रावधानों को सार्वजनिक होने तक इंतजार करने की बात कही है। वहीं, कांग्रेस ने सरकार की मंशा और विधेयक के संभावित प्रभावों पर सवाल खड़े किए हैं।
बीजू जनता दल (बीजेडी) के नेता और विपक्ष के उपनेता प्रसन्न आचार्य ने कहा कि अखबारों और मीडिया में आई खबरों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कैबिनेट की बैठक हो रही है। ऐसी चर्चा है कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण विधेयक से जुड़े परिसीमन विधेयक को दोबारा संसद में पेश कर सकती है। बताया जा रहा है कि पिछली बार पर्याप्त बहुमत नहीं मिलने के कारण यह विधेयक पारित नहीं हो सका था।
उन्होंने कहा कि जब तक विधेयक की वास्तविक सामग्री और उसके प्रावधान सामने नहीं आते, तब तक इस पर कोई टिप्पणी करना उचित नहीं होगा। पहले विधेयक को सार्वजनिक होने दिया जाए, उसके बाद ही उसकी समीक्षा कर प्रतिक्रिया दी जा सकती है। प्रसन्न आचार्य ने सरकार से यह भी सवाल किया कि पिछली बार यह विधेयक क्यों गिर गया था और सरकार ने इसे पहले लागू क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इन सवालों का जवाब देना चाहिए।
कांग्रेस सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह ने संसद के विशेष सत्र को लेकर कहा कि पिछला सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित नहीं किया गया था। ऐसे में विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में अटकलें लगना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि सरकार के सामने अभी भी कई चुनौतियां हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि पिछली बार विधेयक का विरोध करने वाले दलों का रुख अब कैसे बदलेगा। इनमें डीएमके, एनसीपी, आरजेडी और कांग्रेस जैसे दल शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यदि ये पार्टियां अपना रुख बदलती हैं तो उन राज्यों में राजनीतिक नुकसान हो सकता है, जहां आगामी चुनाव होने हैं।
अखिलेश प्रसाद सिंह ने सरकार की ओर से लोकसभा की सीटों की संख्या 850 तक बढ़ाने की संभावित योजना पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यदि सीटों की संख्या इतनी बढ़ाई जाती है तो चुनावी व्यवस्था और उसके राजनीतिक प्रभावों पर गंभीर सवाल खड़े होंगे। वहीं, उत्तर प्रदेश में सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि दोनों दलों के बीच कोई तल्खी नहीं है और समझौता हो चुका है। उन्होंने कहा कि राजनीति में थोड़ी-बहुत तल्खी भी जरूरी है क्योंकि इसके बिना राजनीति कैसे चलेगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

