Samachar Nama
×

परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस ने एनसीपी (एसपी) से की इंडी गठबंधन के साथ बने रहने की अपील

परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस ने एनसीपी (एसपी) से की इंडी गठबंधन के साथ बने रहने की अपील
परिसीमन विधेयक पर कांग्रेस ने एनसीपी (एसपी) से की इंडी गठबंधन के साथ बने रहने की अपील

नई दिल्ली, 29 नवंबर (आईएएनएस)। परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्षी दलों के बीच राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद बलवंत वानखेड़े ने कहा कि संसद में यह विधेयक पारित नहीं हो पाएगा, क्योंकि कई राजनीतिक दल इसके विरोध में हैं। उन्होंने कहा कि यह विधेयक न तो आम जनता के हित में है और न ही देश के हित में। उन्होंने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार से इंडी गठबंधन के साथ बने रहने की अपील भी की।

कांग्रेस सांसद बलवंत वानखेड़े ने कहा कि सभी राजनीतिक दलों को अपने विवेक और समझ के आधार पर इस विधेयक पर विचार करना चाहिए। उन्हें उम्मीद है कि विपक्षी दल देशहित को ध्यान में रखते हुए परिसीमन विधेयक का विरोध करेंगे और यह संसद में पारित नहीं हो पाएगा।

एनसीपी (एसपी) के रुख को लेकर पूछे गए सवाल पर वानखेड़े ने कहा कि अभी किसी तरह के मतभेद की बात कहना जल्दबाजी होगी। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी शरद पवार को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्हें उम्मीद है कि बातचीत के बाद शरद पवार अपने विचार पर पुनर्विचार करेंगे।

उन्होंने कहा कि शरद पवार महाराष्ट्र के कद्दावर नेता हैं और उनका राज्य की जनता से गहरा जुड़ाव है। महाराष्ट्र के लोग उनसे प्रेम करते हैं और चाहते हैं कि वे जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए परिसीमन विधेयक का विरोध करें।

वानखेड़े ने कहा कि शरद पवार हमेशा महात्मा ज्योतिबा फुले, छत्रपति शाहूजी महाराज और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रगतिशील विचारधारा पर चलते रहे हैं। इसी विचारधारा के कारण वे कांग्रेस के साथ रहे हैं और आज भी इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि शरद पवार गठबंधन के साथ बने रहेंगे।

इंडी गठबंधन के नेताओं की डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन और शरद पवार से मुलाकात को लेकर कांग्रेस सांसद ने कहा कि दोनों नेता गठबंधन के महत्वपूर्ण घटक हैं। जब अप्रैल में यह विधेयक आया था, तब सभी विपक्षी दल एकजुट थे, हालांकि अब कुछ कारणों से शरद पवार और स्टालिन के रुख में बदलाव दिखाई दे रहा है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और सोनिया गांधी दोनों नेताओं को मनाने का प्रयास करेंगे। वानखेड़े के मुताबिक, परिसीमन विधेयक का असर अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) और पिछड़े वर्गों पर भी पड़ सकता है। इसलिए कांग्रेस इसे देशहित में उचित नहीं मानती।

उन्होंने कहा कि शरद पवार और एम.के. स्टालिन दोनों प्रगतिशील विचारधारा के नेता हैं। कांग्रेस उन्हें अपना सहयोगी मानती है और उम्मीद करती है कि वे इंडी गठबंधन की एकजुटता बनाए रखने के लिए विधेयक के विरोध में साथ देंगे।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story