Samachar Nama
×

परिसीमन विधेयक पर अखिलेश और राहुल पर एनडीए नेताओं का तंज, बोले-'महिलाओं को न्याय दिलाना चाहती है सरकार'

परिसीमन विधेयक पर अखिलेश और राहुल पर एनडीए नेताओं का तंज, बोले-'महिलाओं को न्याय दिलाना चाहती है सरकार'
परिसीमन विधेयक पर अखिलेश और राहुल पर एनडीए नेताओं का तंज, बोले-'महिलाओं को न्याय दिलाना चाहती है सरकार'

नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और लोकसभा-विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के मुद्दे पर एनडीए के नेताओं ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें देश का सही अर्थ ही समझ में नहीं आता। वहीं, भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने राहुल गांधी पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने भी परिसीमन विधेयक को जरूरी बताते हुए इसका समर्थन किया।

यूपी सरकार के कैबिनेट मंत्री एके शर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि देश की आबादी में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 50 प्रतिशत है। अखिलेश यादव को यह समझना चाहिए कि देश केवल उनके परिवार और उनके समाज से नहीं बनता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के लिए लगातार परिश्रम कर रहे हैं और उनकी कोशिश है कि आबादी के आधे हिस्से यानी महिलाओं को उनका अधिकार और न्याय मिले।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी वर्षों तक महिलाओं को उनका हक नहीं दिला सकीं जबकि भाजपा इस दिशा में काम कर रही है। सपा पर निशाना साधते हुए एके शर्मा ने कहा कि पार्टी के नेताओं को लोकतंत्र का अर्थ समझ में नहीं आता। समाजवादी पार्टी में एक ही परिवार के लोग राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते रहे हैं और किसी दूसरे व्यक्ति को नेतृत्व का अवसर नहीं दिया जाता। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सपा के पास प्रदेश की सत्ता थी, तब उसने लोकतंत्र के लिए क्या किया, यह सभी जानते हैं।

भाजपा नेता मृत्युंजय तिवारी ने प्रस्तावित परिसीमन विधेयक और लोकसभा-विधानसभा की सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी के प्रस्ताव का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह खुशी की बात है और फैसला जनता के हित में है। इससे लोगों को काफी फायदा होगा। खासकर महिलाओं के लिए यह एक अच्छा कदम साबित होगा। उन्होंने विपक्ष को चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी इस फैसले में बाधा बनेगा, उसे आने वाले समय में जनता जवाब देगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में विपक्ष के सांसद भी अपने नेताओं के निर्देशों के अनुसार नहीं चलेंगे।

मृत्युंजय तिवारी ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पहले अपने गठबंधन के नेताओं से ही लड़ाई लड़नी चाहिए क्योंकि अब गठबंधन के नेता उनके नियंत्रण में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी नकारात्मक राजनीति को बढ़ावा दे रहे हैं और देशहित के साथ-साथ जनता की भलाई के लिए लिए जा रहे फैसलों का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने इसे गलत राजनीति करार दिया।

बिहार सरकार के मंत्री दीपक प्रकाश ने भी परिसीमन विधेयक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है, इसलिए परिसीमन विधेयक लाना जरूरी है। इससे जनता को फायदा मिलेगा और इसी वजह से उनकी पार्टी लगातार इसके पक्ष में रही है।

उन्होंने बताया कि उनकी पार्टी पहले भी अभियान चलाकर लोगों को इस विषय के प्रति जागरूक करने का काम कर चुकी है। आने वाले समय में परिसीमन विधेयक को लागू करना जरूरी होगा।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम

Share this story