परिसीमन विधेयक को सुनेत्रा पवार का समर्थन, पीएम मोदी के प्रति जताई प्रतिबद्धता
नई दिल्ली, 28 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने आगामी परिसीमन विधेयक का समर्थन करते हुए कहा है कि केंद्र सरकार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के घटक दल के रूप में उनकी पार्टी इस विधेयक के समर्थन में है।
सुनेत्रा पवार ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में कहा, “केंद्र सरकार में हम एनडीए के घटक दल के रूप में शामिल हैं। इसलिए आगामी परिसीमन विधेयक को हमारा समर्थन है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में अधिक प्रतिनिधित्व और समान अवसर दिलाने के प्रयास स्वागत योग्य हैं। महिला आरक्षण के जरिए देश की निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
सुनेत्रा पवार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल नीतियों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि महिलाओं को नेतृत्व करने और निर्णय प्रक्रिया में सक्रिय रूप से भाग लेने का अवसर भी मिलना चाहिए। विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
इस बीच, संसद के विशेष सत्र में महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों को आगे बढ़ाने की तैयारी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी महिला आरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को एक्स पर पोस्ट में कहा, “हमने अपनी नारी शक्ति से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
इसके साथ ही उन्होंने महिला आरक्षण को लेकर अपना पुराना वीडियो भी साझा किया। वीडियो संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति को राजनीतिक भागीदारी दिलाने की लड़ाई दशकों से जारी है और वह भी लंबे समय से इस प्रयास का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई महिलाओं ने इस मुद्दे को उनके सामने उठाया और पत्र लिखकर अपनी बात रखी।
प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर बाधा को दूर करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि उनका हौसला बुलंद, हिम्मत अटूट और इरादा अडिग है।
पीएम मोदी ने कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में अधिक भागीदारी से रोक नहीं पाएंगी और इसके लिए केवल समय का इंतजार है।
--आईएएनएस
डीएससी

